नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अब सर्दी ने दस्तक दे दी है, सुबह के समय में अब कोहरा भी दिखने लगा है। सुबह और रात के समय में अब अधिक ठंड पड़ रही है। राजस्थान की बात करें तो यहां भी सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।
प्रदेश में सर्द भरी हवाओं के चलने का दौर शुरू हो गया है। कुछ जिलों में सुबह के समय में कोहरा भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, (India Meteorological Department-IMD) दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस आज दर्ज किया जा सकता है।
इसके साथ ही मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में आज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में आज मौसम सामान्य रहने वाला है। लखनऊ में धुंध और कोहरा देखने को मिलेगा। नोएडा की बात करें तो यहां भी कोहरे के साथ ही तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भविष्यवाणी की है कि तटीय ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने वाली है। मौसम कार्यालय ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की बात कही है। मौसम विभाग की मानें तो 18 नवंबर तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
इस समय उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। नवंबर में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा देखने को मिल रहा है। धूप खिलने की वजह से कम ठंड पड़ने की संभावना है।
दिल्ली में कैसे रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और सुबह हल्का कोहरा रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 27 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो कोलकाता में आज बादल छाए रहने की संभावना है। दिन के अंत में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 22 डिग्री सेल्सियस के पास रहने की संभावना है। सिक्किम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में शुष्क मौसम बना रहेगा।