नई दिल्लीः देशभर में इन दिनों बेमौसम बारिश आफत बनी हुई है, जिससे कहीं तापमान में बढ़ोतरी तो कहीं गिरावट का सिलसिला देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के तमाम इलाकों में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच झारखंड में वज्रपात कहर बन गया, जिससे 6 लोगों की जान चली गई। झारखंड के कई जिलों में यह घटना देखने को मिली है।
इसके साथ ही राज्य के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश होने से लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा है। बारिश के चलते कोडरमा, चतरा और धनबाद में बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं मौसम खराब होने के बाद रांची में फीडरों को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। इस बीच अगले कुछ दिन में आंधी के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है।
इन इलाकों में होगी तेज बारिश
आईएमडी के अनुसार, झारखंड के मध्य, पूर्वी व दक्षिण भाग के जिले जैसे गोड्डा, साहिबगंज ,पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा में बारिश के साथ वज्रपात देखने को मिल सकता है। इसके अलावा सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला खरसावां में आज भी बारिश के साथ वज्रपात होने की संभावना है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां के लोगों को अलर्ट व सावधान रहने की चेतावनी जारी कर दी गई है।
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मई का अंतिम सप्ताह पूरे उत्तर भारत में सुहावना बना रहने की संभावना जताई गई है। इससे हर दिन बारिश होने की उम्मीद है। इसके साथ ही तापमान भी 33 डिग्री सेल्सियस डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अभी जहां कुछ दिनों दिनों से तेज धूप और लू की वजह से गर्मी ने लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है। साथ ही तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उत्तरी बिहार और उत्तर बिहार, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश होने की संभावना है।