नई दिल्लीः देशभर में पश्चिमी विक्षोभ का दौर शुरू हो गया है, जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों में सर्दी का असर देखने को मिल रहा है। लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े और अलाव जलाना शुरू कर दिए हैं। दक्षिणी भारत के तमिलनाडु के तमाम हिस्सों में देर रात बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यहां गिरेगा पारा और बढ़ेगी सर्दी
उत्तर भारत के हिमाचल, उत्तराखंड समेत कश्मीर में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। देर रात भी कई हिस्सों में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे कई मार्ग बाधित हुए। उधर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, पंजाब, समेत कई राज्यों के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सर्दी भी बढ़ गई है। आईएमडी के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज होने की संभावना बनी हुई है।
- यहां बारिश की संभावना
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों के तापमान पर नजर डालें तो आज लखनऊ में बारिश की उम्मीद बनी हुई है। शहर के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना बनी है। वहीं न्यूनतम 13 डिग्री तक रह सकता है।
वहीं, पंजाब में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक दर्ज किया जाने की उम्मीद बनी हुई है। बिहार में भी आज बादल छाए रहेंगे हालांकि बारिश देखने को मिल सकती है।
- यहां होगी भारी बारिश
आईएमडी ने अगले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान समेत हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी की चेतावनी जारी कर दी है। इतना ही नहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल के अधिकतर इलाकों में बिजली गिरने के साथ तेज बारिस की उम्मीद जताई है।