Monsoon Forecast: देश के तमाम इलाके इन दिनों तंदूर की भट्टी की तरह तप रहे हैं, जहां लोगों का खूब पसीना निकल रहा है. सूर्य की तपिश से हालात इतने खराब हैं कि लोगों ने धूप से बचाव के लिए छतरी और गमछे का इस्तेमाल शुरू कर दिया है. कुछ शहरों में तो तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. भीषण गर्मी से अभी राहत मिलने की उम्मीद नज़र नहीं आती है.
दूसरी तरफ राहत की खबर यह है कि इस बार समय से पहले मानसून देश के विभिन्न हिस्सों में दस्तक दे सकता है. दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले सप्ताह केरल में प्रवेश कर सकता है. दूसरी तरफ चिंताजनक बात यह है कि इस बार मानसून की रफ्तार धीमी भी रहने के संकेत मिल रहे हैं. अगर ऐसा हुआ तो फिर देश को कवर करने में मानसून अधिक समय ले सकता है.
केरल में कब दस्तक देगा मानसून
अधिकतर मानसून 1 जून के आसपास ही केरल में दस्तक देता है. इस बार थोड़ा जल्दी दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है. आईएमडी की मानें तो 26 मई 2026 को मानसून केरल के तटों से टकराते हुए एंट्री कर सकता है. यह तारीख 22 मई से 26 मई के बीच की विंडो में हो सकती है. इस पूर्वानुमान में ±4 दिन आगे-पीछे होने के आसार बने हुए हैं.
वर्ष 2025 में मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था, जो पिछले कुछ सालों में सबसे जल्दी आने वालों में से एक था. फिलहाल मानसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों को बार भी कर चुका है. मौसम विभाग के जानकारों की मानें तो इस बार मानसून का प्रवेश भले ही जल्दी हो, लेकिन इसकी शुरुआत मजबूत नहीं दिख रही.
इस बार मानसूनी रफ्तार रहेगी धीमी
मानसून की रफ्तार धीमी होने की संभावना है. यही वजह है कि देश को कवर करने में सामान्य से कहीं अधिक समय की देरी होने की संभावना है. आमतौर पर मानसून 35 से 38 दिनों में पूरे भारत को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रहने की संभावना अधिक है.
इन राज्यों में कब दस्तक देगा मानसून
मौसम विभाग की मानें तो तमिलनाडु में 1 से 6 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है. कर्नाटक में 28 मई से 1 जून के बीच मानसूनी एंट्री की संभावना जताई जा रही है. आंध्र प्रदेश में 4 से 10 जून के बीच, तेलंगाना में 5 से 12 जून और गोवा में 7 से 10 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है.
महाराष्ट्र में 8 से 15 जून के बीच मानसूनी बारिश प्रवेश कर सकती है. छत्तीसगढ़ में 10 से 16 जून, मध्य प्रदेश में 15 से 22 जून, गुजरात में 18 से 25 जून के बीच बारिश की चेतावनी जारी कर दी है.