IPL 2025: मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका, जसप्रीत बुमराह की वापसी में और होगी देरी

Priyanshu Meena
3 Min Read
Bumrah (8)
Bumrah (8)

नई दिल्ली: IPL 2025 के दौरान मुंबई इंडियंस (MI) के फैंस के लिए एक चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी में और देरी हो सकती है। पहले खबर थी कि बुमराह मार्च में मुंबई इंडियंस के शुरुआती तीन मैच मिस कर सकते हैं, लेकिन अब उनके अगले एक सप्ताह तक मैदान पर लौटने की संभावना भी कम नजर आ रही है।

बुमराह और आकाश दीप की चोट बनी चिंता

जसप्रीत बुमराह के साथ-साथ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज आकाश दीप की वापसी भी जल्द होती नहीं दिख रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आकाश दीप की फिटनेस में भी समय लग सकता है और उनकी वापसी 10 अप्रैल तक होने की संभावना है।

बता दें कि बुमराह और आकाश दीप ने इस साल जनवरी में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। सिडनी टेस्ट के दौरान चोटिल होने के बाद से बुमराह क्रिकेट से दूर हैं, और BCCI की मेडिकल टीम उनकी फिटनेस को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

बुमराह की फिटनेस पर BCCI की नजर

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, BCCI की मेडिकल टीम बुमराह की फिटनेस को लेकर बेहद सतर्क है। इसका बड़ा कारण यह है कि IPL के तुरंत बाद भारत को जून में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि बुमराह कम से कम दो या तीन टेस्ट मैच खेल सकते हैं, लेकिन इसके लिए उनका पूरी तरह फिट होना जरूरी है।

BCCI से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, बुमराह की चोट पहले से अधिक गंभीर साबित हो रही है। मेडिकल टीम उन्हें जल्दबाजी में खिलाने का जोखिम नहीं उठाना चाहती, क्योंकि इससे उन्हें स्ट्रेस फ्रैक्चर होने का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल, वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपनी गेंदबाजी पर काम कर रहे हैं, लेकिन मैदान पर उनकी वापसी कब होगी, इसे लेकर कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है। हालांकि, संभावना है कि वह अप्रैल के मध्य तक IPL में वापसी कर सकते हैं।

मुंबई इंडियंस की लखनऊ से होगी टक्कर

मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अभी तक कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने अब तक खेले गए तीन में से केवल एक मैच ही जीता है। ऐसे में बुमराह की गैरमौजूदगी से टीम की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। मुंबई इंडियंस अपना अगला मुकाबला 4 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी, जहां टीम को मजबूत वापसी करने की जरूरत होगी।

Share This Article