हुनरमंद लोगों के लिए बड़ी सौगात, सरकार बिना गारंटी के दे रही 3 लाख तक का लोन

PM Vishwakarma Yojana: देश में कारीगरों और हुनरमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार समय-समय पर कई योजनाएं चलाती है। अगर आप भी हुनरमंद हैं तो ये खबर आपके लिए खास हो सकती है। बता दें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए सरकार खास स्कीम को संचालित कर रही है। इन्हीं में से एक है पीएम विश्वकर्मा योजना। इस योजना का उद्देश्य ऐसे कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक और तकनीकी मदद देना है, जो अपने हाथ के हुनर से रोज़गार चलाते हैं।

क्या है पीएम विश्वकर्मा योजना

पीएम विश्वकर्मा योजना खास तौर पर पारंपरिक काम करने वाले लोगों के लिए शुरू की गई है। सरकार चाहती है कि ये कारीगर सिर्फ मेहनत तक सीमित न रहें, बल्कि अपने काम को आगे बढ़ाकर एक सफल व्यवसाय में बदल सकें। योजना के तहत ट्रेनिंग, आधुनिक औजार और आसान लोन की सुविधा दी जाती है।

कौन-कौन से लोग हैं शामिल

बता दें इस योजना में 18 पारंपरिक ट्रेड को शामिल किया गया है। इनमें सुनार, लोहार, नाई, मोची, दर्जी, राजमिस्त्री, मूर्तिकार, पत्थर तराशने वाले, टोकरी और चटाई बनाने वाले, ताला बनाने वाले, नाव बनाने वाले और अन्य पारंपरिक पेशों से जुड़े लोग शामिल हैं। शहर और गांव दोनों जगह के कारीगर इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

क्या मिलती हैं सुविधाएं

योजना के तहत कारीगरों को स्किल ट्रेनिंग, आधुनिक टूलकिट, बिना गारंटी लोन, डिजिटल लेनदेन पर प्रोत्साहन, ब्रांड प्रमोशन और बाजार से जुड़ने का मौका दिया जाता है। इससे उनके काम की गुणवत्ता और आमदनी दोनों बढ़ाने में मदद मिलती है।

ट्रेनिंग के दौरान मिलेगा भत्ता

सरकार द्वारा तय किए गए ट्रेड में चयनित लाभार्थियों को मास्टर ट्रेनरों से ट्रेनिंग दी जाती है। खास बात यह है कि ट्रेनिंग के दौरान 500 रुपये प्रतिदिन स्टाइपेंड भी दिया जाता है। इसके अलावा 15,000 रुपये का टूलकिट प्रोत्साहन, पीएम विश्वकर्मा सर्टिफिकेट और आईडी कार्ड भी मिलता है।

लोन की सुविधा दो चरणों में

अगर कोई कारीगर पैसों की कमी के कारण अपना काम शुरू या बढ़ा नहीं पा रहा है, तो उसे इस योजना के तहत कुल 3 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है। पहले चरण में 1 लाख रुपये और दूसरे चरण में 2 लाख रुपये तक का कर्ज दिया जाता है। यह लोन सिर्फ 5 प्रतिशत ब्याज दर पर और बिना किसी गारंटी के मिलता है। वहीं यह योजना खास तौर पर हुनरमंद लोगों के लिए डिजाइन की गई है। निजी नौकरी करने वाले, सरकारी कर्मचारी या बड़े व्यवसाय चलाने वाले लोग इसके पात्र नहीं हैं।

कैसे करें आवेदन

योजना में आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होता है। जो लोग इंटरनेट का उपयोग नहीं कर पाते, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर आधार बायोमेट्रिक के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

Follow on Google