क्या आपकी कुंडली के प्रथम भाव में हैं बुध, जानें क्या होगा प्रभाव

By

Santy

कुंडली की सही जानकारी होने से इंसान के जीवन को पढ़ा जा सकता है। कुंडली में कई तरह के ग्रह होते हैं। वैदिक ज्योतिष के अनुसार कुंडली में 12 भाव या घर होते हैं। हर घर में एक ग्रह होता है। इनमें से कुछ शुभ फलदायी तो कुछ अशुभ फल प्रदान करते हैं। ऐसे में इसकी सही-सही जानकारी होनी चाहिए। कुंडली के किस भाव में कौन सा ग्रह है या किन ग्रहों के साथ उसकी युति है, इससे आपके जीवन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी मिलती है। तो आइए हम आपको बताते हैं कि अगर कुंडली के प्रथम भाव में बुध (Mercury) है तो उसका आपके व्यक्तित्व के साथ ही आपके जीवन में क्या पड़ेगा प्रभाव।

प्रथम भाव में बुध देता है मजबूत बैद्धिक शक्ति
कुंडली में बुध का काफी महत्व होता है। यह बुद्धि और ज्ञान का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में कुंडली के प्रथम भाव में बुध की स्थिति से व्यक्ति की बौद्धिक शक्ति मजबूत होती है। कभी-कभार बुध के प्रतिकूल होने से परेशानी बढ़ जाती है। इसके साथ ही प्रथम भाव में बुध होने से व्यक्ति काफी जिज्ञासु स्वभाव का होता है।

विदेश यात्रा का मिलता है मौका
कुंडली के पहले भाव में बुध (Mercury) होने पर व्यक्ति जीवन में हमेशा खुश रहता है। ऐसे लोग देखने में काफी आकर्षक और दीर्घायु होते हैं। इनमें सीखने का जबरदस्त गुण होता है, इसलिए किसी भी चीज को ये जल्द और आसानी से सीख लेते हैं। वहीं, इस लग्न के व्यक्ति एक अच्छे वक्ता भी हो सकते हैं। जहां तक पढ़ाई की बात है, तो इनका मन गणित व इंजीनियरिंग के क्षेत्र में सबसे अधिक लगता है। ऐसे लोगों को विदेश यात्रा करने का मौका अधिक मिलता है।

कमजोर बुध देता है कई तरह की बीमारी
कुंडली में अगर बुध कमजोर हो जाए तो व्यक्ति की परेशानी बढ़ जाती है। इस स्थिति में गुप्त रोगों के कारण काफी परेशानी हो सकती है। नाखून और बाल कमजोर होने लगते हैं। पाचन क्रिया पर भी विपरित असर पड़ता है। दांत कमजोर हो जाते हैं। वहीं लोगों की बोलने की क्षमता पर भी सीधा असर पड़ता है। ऐसे लोगों की तार्किक क्षमता भी कमजोर होती है।

बुध को इस तरह करें मजबूत
बुध अगर कमजोर हो जाएं तो घबराने की बजाय उसकी स्थिति में सुधार का प्रयास करें। बुध को मजबूत बनाने के लिए बुधवार के दिन व्रत करें। इसके साथ ही विघ्नहर्ता गणेश और मां दुर्गा की पूजा करना भी शुभ परिणामदायक होगा। बुधवार के दिन हरी वस्तुओं का दान भी करें। इस दिन गाय को हरा चारा भी खिला सकते हैं। गरीबों को फल और सब्जियां दान करना भी काफी लाभकारी होता है।

Santy के बारे में
For Feedback - timesbull@gmail.com
Share.
Install App