टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ वसीम जाफर ने हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी से जुडी हुई बड़ी बात बताई है। वसीम जाफर ने खुलासा किया है कि क्रिकेटर के तौर पर एम एस धोनी की बेहद मामूली उम्मीदें थीं। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उनकी पत्नी को अपनी ख्वाहिशों के बारे में बताया था। कैप्टन कूल के नाम से मशहूर एम एस धोनी आज भले ही सुपरस्टार बन गए हों, लेकिन शुरूआती दिनों में उनके सपने काफी छोटे थे।
वसीम जाफर का खुलासा
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ वसीम जाफर ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी ने उनकी पत्नी से कहा था कि वह क्रिकेट खेलकर 30 लाख रुपए कमाना चाहते थे और इन्हीं पैसों का इस्तेमाल करके वह रांची में अपना घर बनाना चाहते थे। साथ ही साथ, जाफर ने यह भी बताया कि धोनी जितने उस वक़्त जमीन से जुड़े हुए थे उतने ही वह आज भी ज़मीन से जुड़े हुए हैं।
साल 2004 में भारत के लिए डेब्यू करने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में अपना 42वां जन्मदिन मनाया है। करोड़ों लोगों के दिलों की धड़कन बन चुके धोनी अपने क्रिकेट करियर के शुरूआती दौर में मात्र 30 लाख रुपए कमाकर अपनी ख्वाहिशों को पूरा करना चाहते थे, लेकिन आज धोनी की नेटवर्थ 1000 करोड़ रुपए को पार कर चुकी है।
स्पोर्ट्सकीड़ा से बातचीत के दौरान वसीम जाफर ने बताया कि साल 2005 में जब उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की थी तब उससे पहले ही एम एस धोनी टीम में शामिल हुए थे। वह और उनकी पत्नी, दिनेश कार्तिक और उनकी पत्नी और महेंद्र सिंह धोनी आख़िरी सीट पर बैठा करते थे। वसीम जाफर ने कहा कि धोनी उनकी पत्नी से काफी बातें किया करते थे और उनकी पत्नी से ही बातचीत के दौरान धोनी ने बताया था कि वह क्रिकेट खेलकर 30 लाख रुपए कमाना चाहते हैं। इन पैसों की मदद से वह रांची में अपना घर बनाना चाहते हैं।