इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हर जगह सुर्ख़ियों में बने हुए थे। मैच चाहे किसी भी स्टेडियम में क्यों ना खेला जा रहा हो, एम एस धोनी की फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं रहती थी। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 5वीं बार आईपीएल की ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया और सबसे ज़्यादा ट्रॉफी जीतने के मामले में मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली। अब धोनी की कप्तानी को लेकर वेंकटेश अय्यर ने बड़ा खुलासा किया है।
धोनी करते हैं करिश्मा
महेंद्र सिंह धोनी की एक ऐसी शख्सियत है कि विरोधी टीम के खिलाड़ी भी उनका पूरा सम्मान करते हैं। अब एम एस धोनी की कप्तानी को लेकर कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर ने बड़ा खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट शो में अय्यर ने धोनी को लेकर बातचीत के दौरान बताया कि मैदान पर धोनी एक बेहतरीन आर्टिस्ट की तरह नज़र आते हैं।
वेंकटेश अय्यर ने आगे कहा कि धोनी को अच्छी तरह से पता है कि किस समय क्या फैसला लेना है। वह क्रिकेट में वो कर सकते हैं जो कोई और करने के बारे में सोच भी नहीं सकता। इस दौरान अय्यर ने बताया कि एक मैच में वह चेन्नई की टीम के खिलाफ काफी अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे थे, उस वक़्त उन्होंने एक शॉट खेला और वह थर्ड मैन पर आउट हो गए।
इसको लेकर अय्यर ने सोचा कि फील्डर तो ग़लत पोजीशन पर खड़ा हुआ था, फिर मैच के बाद उन्होंने धोनी से बात की। उन्हें महेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि जिस तरह से वह शॉट खेल रहे थे उसके हिसाब से सारे फील्डर और फाइन होने चाहिए थे, इसलिए उन्होंने इस तरह की फील्डिंग सेट की थी। इससे पहले भी कई खिलाड़ियों को महेंद्र सिंह धोनी की जादुई कप्तानी के बारे में ज़िक्र करते हुए देखा गया है।