आज एशिया कप के फाइनल मैच में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने खड़ी होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। वहीं, इस मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा एक खास लिस्ट में शामिल हो जाएंगे।
दरअसल, श्रीलंका की टीम के खिलाफ एशिया कप फाइनल मैच रोहित शर्मा के करियर का 250वां वनडे अंतररष्ट्रीय मुकाबला होगा। साथ ही साथ, यह रोहित शर्मा के करियर का 450वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच खेले जाने इस मुकाबले में हर किसी की निगाहें रोहित शर्मा पर जमी हुई होंगी। इसका कारण ना सिर्फ उनका यह ख़ास मुक़ाम बल्कि उनकी अद्भुत काबिलियत है, जो भारत को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में जीत दिला सकती है।
रोहित करेंगे कारनामा
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले क्रिकेटरों की इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं। सचिन तेंदुलकर ने 664 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी दूसरे स्थान पर हैं।
टीम इंडिया की तरफ से महेन्द्र सिंह धोनी ने 535 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। एम एस धोनी के बाद विराट कोहली का नंबर आता है। अब तक भारत के लिए विराट कोहली ने 505 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इसके बाद राहुल द्रविड़ का स्थान है। भारत की तरफ से राहुल द्रविड़ ने 504 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।