इंग्लैंड की धरती पर दोहरा शतक लगाने वाले पृथ्वी शॉ ने बड़ा बयान दिया है। पृथ्वी शॉ ने कहा कि वह नहीं सोचते कि उनकी इस पारी के बाद भारतीय चयनकर्ता उनको लेकर क्या सोच रहे हैं। शॉ ने कहा कि वह बस अपने गेम को एन्जॉय कर रहे हैं। शॉ ने अपने बयान में आगे कहा कि वह हमेशा रन बनाना चाहते हैं और मैच जीतना चाहते हैं।
पृथ्वी शॉ का बयान
बुधवार को पृथ्वी शॉ ने अपने बल्ले से इंग्लैंड के रॉयल लंदन वनडे कप 2023 टूर्नामेंट में तहलका मचाया था। शॉ ने 152 गेंदों में 224 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। अपने इस दोहरे शतक की पारी के दौरान पृथ्वी शॉ ने शानदार बल्लेबाज़ी का मुज़ाहिरा पेश करते हुए 28 चौके और 11 बेहतरीन छक्के लगाए। नॉर्थहैम्पटनशायर की तरफ से खेलते हुए पृथ्वी शॉ ने तीसरे मुकाबले में यह कारनामा कर दिखाया।
मैच के बाद पृथ्वी शॉ ने अपनी इस उम्दा पारी के बारे में कहा कि ईमानदारी से कहें तो 227 उनके दिमाग में था। उन्होंने व्हाइटमैन से बात की जब वह क्रीज पर बल्लेबाज़ी कर रहे थे। पृथ्वी शॉ ने उन्हें बताया कि यह 227 रन है, जो उनका उच्चतम स्कोर है। वह हमेशा कोशिश करते हैं और अगर इस तरह का स्कोर बनाने से उनकी टीम को जीत मिल सकती है, तो उन्हें इसे जारी रखना चाहिए।
पृथ्वी शॉ ने आगे कहा कि वह नहीं जानते कि भारतीय चयनकर्ता उनको लेकर क्या सोच रहे हैं। वह बस अपने गेम को एन्जॉय कर रहे हैं। वह इंग्लैंड में अच्छा समय बिता रहे हैं। नॉर्थहैम्पटनशायर की टीम ने उन्हें यह मौका दिया है। वह इस वक़्त अपने खेल का आनंद ले रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पृथ्वी शॉ के इस दोहरे शतक के बाद भारतीय चयनकर्ता उनको लेकर क्या निर्णय लेते हैं। बहरहाल, पृथ्वी लगातार सुर्ख़ियों में बने हुए हैं।