टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कुछ दिन पहले चेन्नई आए हुए थे। उन्होंने 10 जुलाई को चेन्नई में अपने प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म ‘लेट्स गेट मैरिड’ का ऑडियो और ट्रेलर लॉन्च किया और इस दौरान उन्होंने कई विषयों को लेकर बातचीत की। आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ख़ुद इस फिल्म को प्रड्यूस किया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। इस दौरान उन्होंने दीपक चाहर को ‘ड्रग्स’ कह दिया।
दीपक को बताया ड्रग्स
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के तेज़ गेंदबाज़ दीपक चाहर को ड्रग्स कह दिया है। साथ ही साथ, उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने पूरे जीवन भर दीपक चाहर को मैच्योर होता हुआ नहीं देख पाएंगे। दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी और दीपक चाहर के बीच काफी अच्छा रिश्ता है और इन दोनों की बॉन्डिंग किसी से भी छुपी नहीं है।
एम एस धोनी जब अपने प्रोडक्शन हाउस की फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कर रहे थे तब उनसे कई सवाल पूछे गए थे और इसी दौरान उन्होंने कहा कि दीपक एक ड्रग की तरह हैं। अगर वह किसी के आसपास नहीं होते हैं तो उसे यह महसूस होता कि वह वहां पर क्यों नहीं है और अगर वह किसी के आसपास मौजूद होते हैं तो उस शख्स को ऐसा लगता है कि वह वहां पर क्यों हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने आगे कहा कि अच्छी बात यह है कि धीरे-धीरे दीपक चाहर मैच्योर हो रहे हैं, लेकिन इसमें समय लगता है और यह समस्या है।
इसके बाद एम एस धोनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह दीपक चाहर को अपने जीवनकाल में मैच्योर होते हुए नहीं देख पाएंगे। इसी इवेंट में 42 साल के महेंद्र सिंह धोनी ने यह भी बताया कि उनके लिए चेन्नई इतना ख़ास क्यों है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एम एस धोनी ने बताया कि चेन्नई में उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही, उनका टेस्ट डेब्यू भी यहीं पर हुआ था।