भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं, जिसकी वजह से उनके फैंस बेहद खुश नज़र आ रहे हैं। एम एस धोनी का नाम क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार है। महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी टीम को एक नहीं बल्कि अनेक ट्रॉफियां जितवाई हैं, जो उनकी सफलता को बखूबी बयां करता है।
नहीं है कोई मुकाबला
हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को 5वीं बार आईपीएल का चैंपियन बनाया। कैप्टन कूल अब तक कुल 14 ट्रॉफियों को अपने नाम कर चुके हैं। इन 14 ट्रॉफियां में 7 खिताब एम एस धोनी ने भारतीय टीम के लिए जीते हैं और बाकी बची 7 ट्रॉफियां उन्होंने अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के नाम किए हैं।
अपनी रणनीति से सबको चकित कर देने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने भारत को 3 ICC ट्रॉफियां जितवाई हैं, जिसमें 2 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है। वहीं, उन्होंने 2 बार टीम इंडिया को एशिया कप का विजेता बनाया है। इसके अलावा उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को 5 बार आईपीएल का खिताब जिताया है। साथ ही साथ, उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2 बार चैंपियंस लीग टी20 के खिताब पर अपना कब्ज़ा जमाया है।
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2007 के टी20 विश्व कप में भारत को ट्रॉफी दिलाई थी और यह एस एस धोनी की पहली ट्रॉफी थी जिसे उन्होंने अपने नाम किया हो। साल 2004 में धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद उनके ट्रॉफी जीतने का सिलसिला लगातार जारी रहा। इसके बाद साल 2010 में उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी टीम चेन्नई सुपर के लिए खिताब जीता। साल 2010 में ही धोनी ने भारत के लिए बतौर कप्तान एशिया कप के खिताब को अपने नाम किया था।