महेंद्र सिंह धोनी की कुछ ऐसी जादुई शख्सियत है जिसकी वजह हर कोई उनका दीवाना बन जाता है। आईपीएल 2023 के दौरान भी लोगों के बीच माही की खुमारी देखने को मिली थी। सिर्फ धोनी के फैंस ही नहीं बल्कि बड़े-बड़े दिग्गज भी इस दौरान धोनी से मिलने के लिए बेताब दिखे। आईपीएल के ख़त्म होने के बाद भी ऐसे ही नज़ारे देखने को मिल रहे हैं।
धोनी से मिले कैफ
दरअसल, अपने शानदार फील्डिंग की बदौलत सबको चकित कर देने वाले मोहम्मद कैफ ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मुलाक़ात की। सोशल मीडिया पर धोनी से मुलाकात की तस्वीरों को साझा करते हुए मोहम्मद कैफ ने एम एस धोनी के जल्दी स्वस्थ होने की कामना भी की। कैफ द्वारा शेयर की गई इन तस्वीरों में महेंद्र सिंह धोनी और मोहम्मद कैफ के परिवार को भी देखा जा सकता है।
ट्विटर पर तस्वीरों को शेयर करते हुए मोहम्मद कैफ ने लिखा कि आज एयरपोर्ट पर उनकी मुलाकात एक महान शख्स से हुई थी। साथ ही साथ, उन्होंने ने यह भी लिखा है कि महेंद्र सिंह धोनी के परिवार और उनके परिवार के बीच भी मुलाकात हुई थी।मोहम्मद कैफ ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी ऑपरेशन के बाद अपने घर लौट रहे थे। कैफ ने इस बात का ख़ास तौर पर ज़िक्र किया कि उनका बेटा कबीर धोनी से मिलने के बाद बहुत खुश हुआ क्योंकि एम एस धोनी ने कबीर से कहा कि वह भी उन्हीं की तरह अपने बचपन में खूब फुटबॉल खेला करते थे।
मोहम्मद कैफ ने अपने ट्वीट के अंत में महेंद्र सिंह धोनी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही उन्होंने लिखा है कि अगले आईपीएल सीज़न फिर मुलाकात होगी चैंपियन एम एस धोनी। मोहम्मद कैफ द्वारा साझा की गई इन तस्वीरों को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं और कैफ के इस पोस्ट को जमकर शेयर कर रहे हैं।
https://twitter.com/MohammadKaif/status/1665707498039570432?t=G54NWkBWoRtBbAnuNUJEhw&s=08