विश्व कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर से होगी। इससे ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की टेंशन बढ़ गई है। कंगारू टीम के स्टार खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के बीच 30 अगस्त से टी20 और वनडे सीरीज खेली जानी है। ग्लेन मैक्सवेल अब टी20 सीरीज नहीं खेल सकेंगे। ICC के मुताबिक ग्लेन मैक्सवेल की एड़ी में चोट लगी है। वर्ल्ड कप से पहले ग्लेन मैक्सवेल का चोटिल होना ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए काफी दिक्कत वाली बात है।
ऑस्ट्रेलिया की बढ़ी टेंशन
ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज़ खेली जाएगी। ग्लेन मैक्सवेल टी20 सीरीज के लिए डरबन में अभ्यास कर रहे थे। मैक्सवेल इसी दौरान चोटिल हो गए। ICC की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार ग्लेन मैक्सवेल की एड़ी में चोट लगी है।
ताज़ा जानकारी के अनुसार कंगारू टीम के दिग्गज खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल चोट के कारण वापस ऑस्ट्रेलिया लौट रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल के साथ उनकी वाइफ भी मौजूद हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए राहत की बात यह है कि ग्लेन मैक्सवेल को ज्यादा गंभीर चोट नहीं लगी है।
कंगारू टीम के सिलेक्टर टोनी डोडेमेड ने ग्लेन मैक्सवेल के चोटिल होने पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है। डोडेमेड का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्लेन मैक्सवेल को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की टीम मैनेजमेंट मैक्सवेल की रिकवरी पर ध्यान देगी। वह उम्मीद करते हैं कि स्टार खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल विश्वकप से पहले भारत के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस साल भारत की मेज़बानी में खेले जाने वाले विश्व कप की तारीख करीब आती जा रही है और यही कारण है कि सभी टीमें अपनी तैयारियों को गति देने में लगी हुई हैं।