आईपीएल फ्रेंचाईजी दिल्ली कैपिटल्स ने 15 जून को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया है जो इस वक़्त काफी वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के द्वारा शेयर किया गया यह वीडियो आईपीएल के दिनों का है। वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि खलील अहमद काउंटर के पास खड़े होकर खाना निकलते वक़्त बेसुरी आवाज़ में ज़ोर-ज़ोर से गाना गा रहे हैं। इसी दौरान सरफ़राज़ खान खलील को मारने के लिए दौड़ पड़ते हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस वीडियो को दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए मज़ेदार अंदाज़ में लिखा है कि ‘‘कंप्यूटर जी, बस यहां ट्रेंड समाप्त कर दिया जाए’’। इस वीडियो के आख़िरी हिस्से में जब सरफराज़ खलील को मारने के लिए दौड़ते हैं तो बाक़ी साथी खिलाड़ी भी हंस पड़ते हैं। वहीं, इस वीडियो को लेकर कुछ फैंस खलील अहमद और सरफ़राज़ खान को ट्रोल भी कर रहे हैं।
अगर दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन की बात करें तो इंडियन प्रीमियर लीग सीज़न 16 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने नियमित कप्तान के बिना उतरी थी। ऋषभ पंत कार एक्सीडेंट में बुरी तरह ज़ख़्मी हो गए थे, इसी वजह से ऑस्ट्रलियाई खिलाड़ी डेविड वॉर्नर को टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, वॉर्नर की नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और टीम ने अंक तालिका में 9वें स्थान पर अपना सीज़न ख़त्म किया था।
यही कारण है कि दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव करने के बात कही जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपोर्ट स्टाफ में शामिल 2 कोच को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। ख़बरों के अनुसार, बैटिंग कोच शेन वॉटसन और असिस्टेंट कोच जेम्स होप्स के हटाए जाने की संभावना है, जबकि रिकी पोंटिंग, सौरव गांगुली और प्रवीण आमरे के साथ टीम अपने सफर को जारी रख सकती है।
Computer ji, bas yahaan trend samaapt kar diya jaaye 😂🙏#YehHaiNayiDilli | @imK_Ahmed13 pic.twitter.com/7xKiO8xOUN
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) June 15, 2023