23 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का पहला क्वालीफायर मुकाबला खेला गया था जिसमें महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स को 15 रनों से धूल चटा दी थी और सीधे फाइनल में पहुँच गई थी। आईपीएल सीज़न 16 का यह पहला क्वालीफायर मैच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था जिसमें महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी का जादू देखने को मिला था। इसी को लेकर एक पूर्व ऑस्ट्रलियाई क्रिकेटर का ट्वीट वायरल हो रहा है।
एम एस धोनी की कर दी आलोचना
जहाँ एक तरफ पूरी दुनिया इस मैच में की गई महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की तारीफ़ कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की टीम के पूर्व खिलाड़ी ब्रैड हॉज कैप्टन कूल की आलोचना करते हुए नज़र आ रहे हैं। ब्रैड हॉज ने एम एस धोनी की एक हरकत को खेल भावना के खिलाफ बताया है और साथ ही अंपायरों को भी दोषी कहा है।
दरअसल, गुजरात की बल्लेबाज़ी के 16वें ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एम एस धोनी चाहते थे कि मथीशा पथिराना इस ओवर में चेन्नई के लिए गेंदबाज़ी करें। लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायरों ने माही को ऐसा करने से मना कर दिया था। इसके पीछे अंपायरों ने यह दलील दी थी कि मैदान के बाहर से आया हुआ खिलाड़ी तुरंत आकर गेंदबाज़ी नहीं कर सकता है। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी अंपायरों से बातचीत करते हुए देखे गए थे।
इसी को लेकर पूर्व ऑस्ट्रलियाई खिलाड़ी ब्रैड हॉज ने अपने ट्वीट में लिखा है कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खेल रुकवाने के लिए जानबूझकर अंपायरों से लंबे समय तक बातचीत की। आगे वो लिखते हैं कि अंपायर को उस वक़्त खेल पर नियंत्रण रखना चाहिए था, लेकिन उन्होंने भी धोनी से बातचीत जारी रखी। ब्रैड हॉज ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया है।
https://twitter.com/Brad_Hogg/status/1661190025730740225?t=q_pJZp6Lf27lyQqiLecWPw&s=08