Mobile Blast Reasons: मोबाइल ब्लास्ट के बढ़ते मामले, कैसे बचें?
मोबाइल फोन आज हमारी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन गया है, लेकिन यही फोन अगर अचानक ब्लास्ट हो जाए, तो कुछ ही सेकेंड में बड़ा हादसा हो सकता है। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में हाल ही में एक युवक की जेब में रखा मोबाइल अचानक फट गया, जिससे उसकी पैंट में आग लग गई, शरीर के कई हिस्से झुलस गए और पैर की हड्डी तक टूट गई । ऐसी घटनाओं के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठता है – आखिर मोबाइल की बैटरी क्यों फटती है? क्या इसके पहले कोई संकेत मिलते हैं? और ऐसी दुर्घटना से बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए? आइए आसान भाषा में समझते हैं हर सवाल के जवाब।
मोबाइल ब्लास्ट के 7 बड़े कारण
मोबाइल ब्लास्ट का सबसे बड़ा कारण लिथियम-आयन (Lithium-ion) बैटरी में खराबी या उसका जरूरत से ज्यादा गर्म होना माना जाता है । बैटरी के अंदर का तापमान अचानक बहुत बढ़ जाता है, जिसे थर्मल रनअवे (Thermal Runaway) कहा जाता है । पहला कारण है मैन्युफैक्चरिंग फॉल्ट – अगर बैटरी बनाने या फोन असेंबल करने के दौरान कोई तकनीकी कमी रह जाए, तो यह आगे चलकर बड़ा खतरा बन सकती है ।
दूसरा, फोन बार-बार गिरने से बैटरी अंदर से खराब हो सकती है, जिससे उसका मैकेनिकल और केमिकल स्ट्रक्चर बदल जाता है । तीसरा, थर्ड-पार्टी या नकली चार्जर इस्तेमाल करना – ये चार्जर कई बार फोन की जरूरत के मुताबिक पावर कंट्रोल नहीं कर पाते, जिससे बैटरी खराब हो सकती है । चौथा, पूरी रात फोन चार्जिंग पर छोड़ना – इससे ओवरहीटिंग, ओवरचार्जिंग और शॉर्ट सर्किट हो सकता है । पांचवां, फोन पर जरूरत से ज्यादा लोड डालना – लगातार भारी गेम या हाई-ग्राफिक्स ऐप चलाने से प्रोसेसर गर्म हो सकता है । छठा, तेज धूप या गर्म कार में फोन छोड़ना – ज्यादा गर्मी से बैटरी के अंदर गैस बनती है, जिससे बैटरी फूल सकती है । सातवां, पानी लगने के बाद भी ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है, खासकर पहले से डैमेज बैटरी में पानी जाने पर ।
फोन फटने से पहले मिलते हैं ये 5 अहम संकेत
अगर आपका फोन नीचे दिए गए संकेत दे रहा है, तो सावधान हो जाइए – ये संकेत बताते हैं कि बैटरी या फोन में कोई गड़बड़ी है, जिसे नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए । पहला संकेत – स्क्रीन धुंधली (Blur) होने लगे या अचानक काली पड़ जाए, जो बैटरी के अंदरूनी दबाव बढ़ने का संकेत हो सकता है । दूसरा – फोन बार-बार हैंग होने लगे और बहुत स्लो चलने लगे, जो हार्डवेयर प्रॉब्लम को इंगित करता है । तीसरा – बात करते समय या सामान्य इस्तेमाल में भी फोन जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगे, यह सबसे कॉमन संकेत है । चौथा – बैटरी का फूलना (Swelling) – अगर फोन का बैक पैनल या स्क्रीन बीच से उठने लगे, तो यह सीधा संकेत है कि बैटरी फूल रही है । पांचवां – बिना किसी वजह फोन बंद हो जाना या रीस्टार्ट होना भी बैटरी खराब होने का संकेत है ।
मोबाइल ब्लास्ट से बचने के 12 जरूरी टिप्स
अगर आप मोबाइल ब्लास्ट जैसी गंभीर घटना से बचना चाहते हैं, तो इन 12 जरूरी बातों का पालन करें – हमेशा ओरिजिनल चार्जर और ओरिजिनल बैटरी का इस्तेमाल करें और नकली या लोकल चार्जर से बचें । भीगे हुए फोन को कभी भी चार्जिंग पर न लगाएं । चार्जिंग के दौरान फोन का इस्तेमाल करने से बचें, खासकर गेमिंग या वीडियो कॉलिंग । अगर बैटरी खराब या फूल गई है, तो तुरंत किसी ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर पर जाकर बैटरी बदलवाएं – इसे खुद न निकालें ।
फोन को बहुत ज्यादा गर्म जगह पर न रखें – न धूप में, न कार के डैशबोर्ड पर, न ही किसी गर्म सतह पर । पूरी रात चार्जिंग पर लगाकर न छोड़ें – अगर संभव हो तो फोन 80-90% पर चार्ज करके हटा दें । तकिए के नीचे या सिर के पास फोन चार्जिंग पर रखकर कभी न सोएं – यह बेहद खतरनाक हो सकता है । चार्ज करते समय मोबाइल का कवर निकाल दें, क्योंकि इससे गर्मी आसानी से बाहर निकलती है । पावर स्ट्रिप या एक्सटेंशन बोर्ड की बजाय सेफ पावर सॉकेट का इस्तेमाल करें । फोन को 20% से नीचे जाने से पहले चार्ज करना शुरू करें और 100% तक चार्ज होने पर तुरंत हटा दें । अगर फोन डैमेज है या उसकी स्क्रीन टूटी है, तो उसे चार्जिंग पर न लगाएं । हमेशा यूज़र मैनुअल में बताई गई चार्जिंग स्पेसिफिकेशन का पालन करें ।
फोन ब्लास्ट के दौरान क्या करें और क्या न करें?
अगर कभी आपका फोन चार्जिंग के दौरान या किसी अन्य समय में असामान्य रूप से गर्म हो जाए या उसमें से धुआं निकलने लगे, तो तुरंत ये कदम उठाएं – सबसे पहले फोन को चार्जिंग से तुरंत हटा दें, लेकिन अगर उसमें आग लग गई है, तो कभी भी पानी न डालें – बिजली के उपकरण पर पानी डालना खतरनाक हो सकता है । आग बुझाने के लिए आग बुझाने वाला यंत्र (Fire Extinguisher) या कंबल / रजाई का उपयोग करें ।
अगर आग बड़ी है, तो तुरंत कमरे से बाहर निकलें और फायर ब्रिगेड को कॉल करें । फोन को पानी में न डुबोएं और न ही उसे तोड़ने-फोड़ने की कोशिश करें । घबराएं नहीं, शांत रहें और अपनी सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें ।
इन बातों का रखें खास ध्यान
फोन के किसी भी असामान्य संकेत को नज़रअंदाज़ न करें – अगर बैटरी फूल रही है, फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है या चार्जिंग के दौरान कुछ दिक्कत आ रही है, तो तुरंत उसे ठीक कराएं । हमेशा ओरिजिनल चार्जर का इस्तेमाल करें, फोन को तेज गर्मी और पानी से बचाएं और चार्जिंग के दौरान उसे तकिए के नीचे या सिर के पास रखकर न सोएं । याद रखें, एक छोटी सी सावधानी आपको एक बड़े हादसे से बचा सकती है । टेक सेफ्टी और मोबाइल टिप्स की ऐसी ही महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए timesbull.com पर बने रहें ।
