नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बहुत ही तेजी से बदल रहा है। जहां एक तरफ शादियों का सीजन चल रहा है, वहीं बारिश ने शादियों का मजा ही पूरा किरकिरा कर दिया है। देश के कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल रही है।
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में ठंडी हवाएं चलने की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। इसके साथ ही अब दोपहर के समय में भी ठंड महसूस होनी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने आज यानी 7 दिसंबर को महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी की है।
बिहार की बात करें तो आज कई इलाकों में सुबह से ही बूंदाबांदी जारी है। बारिश के बाद इन राज्यों के न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। आईएमडी ने देश के उत्तर, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और उत्तर-पूर्व हिस्सों में ठंडी लहरें चलने का अनुमान लगाया है।
वहीं, भारत के उत्तरी राज्यों में अगले सप्ताह से कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है। भारत मौसम के मुताबिक, उत्तर भारत में 10 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 11 दिसंबर से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में मौसम बदल सकता है, जिससे बर्फबारी होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों और निचले इलाकों में बारिश की भी संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड के कई जिलों में आज बारिश का सिलसिला जारी है। आईएमडी ने 11 दिसंबर तक राष्ट्रीय राजधानी में बारिश नहीं होने की भविष्यवाणी की है।
आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार को पूर्वी तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। जबकि तमिलनाडु, केरल और मराठवाड़ा में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली की बात करें तो आज मौसम अच्छा बना हुआ रहेगा। न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। नोएडा और गुरुग्राम समेत दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में मौसम ऐसा ही रहने वाला है।