नई दिल्लीः भारत के कई इलाकों में इन चक्रवाती तूफान मिचौंग आफत बनकर टूट रहा है, जिसके चलते दक्षिण भारत में भारी बारिश देखने को मिल रही है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई व आसपास के इलाकों में तो तूफान के साथ बारिश होने से पानी ही पानी दिखाई दे रहा है, जिससे हर कोई परेशान हो रहा है।
इसके अलावा उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों की बात करें तो हो रही बर्फबारी से सर्दी का का स्तर काफी बढ़ गया है जिससे हर कोई परेशान है। बर्फबारी ने लोगों का जीना ही हराम कर दिया है, जिससे मैदानी इलाकों में भी कड़ाके सर्दी शुरू हो गई है।
हिमालयन हिस्सों में बर्फबारी के चलते कई जगह हिमस्खलन की खबर भी आई है, जिससे कुछ मार्ग बाधित हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में बिजली की चमक और गरज के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी है।
इन हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में घना कोहरा देखा जा रहा है, जिससे हाईवे पर वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और मैक्सिमम 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
इसके साथ ही राजधानी में पूरे सप्ताह किसी भी तरह के खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं जताई गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी सुबह घना कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत साफ रहने की उम्मीद है।
यहां का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली से सटे नोएडा में तापमान 10 और 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। यहां भी सुबह कोहरा या धुंध और बाद में आसमान में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
आईएमडी के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के हिस्सों में आगामी 24 घंटों तक मध्यम से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी है। इसकेअलावा तेलंगाना और ओडिशा के तमाम इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, आंतरिक ओडिशा, झारखंड के तमाम इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। आंतरिक ओडिशा, झारखंड के इलाकों में गंगीय पश्चिम बंगाल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मामूली बारिश देखने को मिल सकती है।