नई दिल्लीः देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से रंग बदलता जा रहा है, जिससे कहीं तापमान में गिरावट तो कहीं घना कोहरा छाया हुआ है। इतना ही नहीं कुछ इलाकों में बेमौसम बारिश ने बड़ी आफत खड़ी कर दी है।
पर्वतीय हिस्सों में लगातार हो रही बर्फबारी ने जिंदगी की रफ्तार ही थाम दी है, जिससे हर कोई परेशान है। कई जगह तो भूस्खलन जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे कई मार्ग भी बाधित हो गए। अब मैदानी इलाकों में भई सर्दी का स्तर काफी बढ़ता जा रहा है, जो हर किसी को परेशानी में डाल रहा है।
लोग अलाव जलाकर अपना समय बिताने को मजबूर हैं। दक्षिण भारत के कई राज्यों में बिजली की चमक और बादलों की गरज के साथ बारिश भी देखने को मिल रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में तेज बारिश होने की उम्मीद जताई है।
- इन हिस्सों में बरसेंगे बादल-गिरेगी बिजली
आईएमडी के अनुसार 11 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही दक्षिण इलाकों में बीते 24 घंटों में केरल और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहने की संभावना जताई है। 11 दिसंबर को उत्तरी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय के कई स्थानों पर कोहरा छाया रह सकता है।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है। बीते कुछ ही दिनों में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश राज्यों को तबाह करने वाला चक्रवाती परिसंचरण मिचौंग अब कमजोर होता जा रहा है। झारखंड में कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की उम्मीद जताई गई है।
- यहां गिरेगा तापमान
आईएमडी के अनुसार, यूपी से सटे बिहार में चक्रवाती तूफान मिचौंग के बाद राज्य के मौसम का मिजाज काफी बदलेगा। इन हिस्सों में पछुआ हवा से न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
इसके साथ ही बारिश का सिलसिला खत्म होते ही घना कोहरा का प्रभाव राज्य में बना रहने की उम्मीद है। इसके अलावा 48 घंटों के दौरान पटना सहित अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की जा सकती है।