नई दिल्लीः भारत के चारो ओर इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदलता जा रहा है, जिससे कहीं तापमान में गिरावट तो कहीं बारिश का दौर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित आसपास के इलाकों के में इन दिनों तापमान में काफी गिरावट दर्ज की रही है, जिससे लोगों का कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी हिस्सों में लगातार बर्फबारी सितम ढा रही है, जिससे मैदानों में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे जगह-जगह पानी भरने से लोगों को जाम का भी सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यहां कोहरा बनेगा आफत
आईएमडी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना से काफी घना कोहरा छाये रहने की उम्मीद बनी हुई है। बिहार के कुछ हिस्सों में भी लोगों को घने कोहरा झेलना पड़ सकता है।
इन प्रदेशों में अगले 5 दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना बनी हुई है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले 3 से 4 दिनों तक घना कोहरा पड़ने की उम्मीद जताई है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले 2 दिनों तक घने कोहरे का सितम जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश के लोगों को अगले 24 घंटों तक कोहरे का सामना करना पड़ बनने की उम्मीद है।
आने वाले 2 दिनों तक मध्य भारत में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। ठंडी हवाओं के चलते हिमाचल प्रदेश में 1 जनवरी 2023, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 4 जनवरी 2023, हरियाणा के साथ ही चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी 4 जनवरी तक शीतलहर चलने की उम्मीद जताई गई है।
- इन हिस्सों में होगी तेज बारिश
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश भी होने की चेतावनी जारी की गई है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई सहित कई इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने की उम्मीद है। इतना ही नहीं आंध्र प्रदेश और केरल के कई इलाकों में बिजली की चमक और गरज के साथ बारिश की संभावना है।