Success Story: पिता ने खेतों में दिनभर बहाया पसीना…. मां ने संभाला चूल्हा- चौका, बेटी बनीं कॉमर्स टॉपर, जानें सफलता का मंत्र!

Avatar photo

By

Priyanka Singh

नई दिल्ली। कई बार जब जीवन में सफलता नहीं मिलती है, तो लोग बहुत ही ज्यादा निराश हो जाते हैं। लेकिन, हमें उदास और अपनी हिम्मत नहीं खोनी चाहिए , क्योंकि जो लोग लगातार सकारात्मक सोच के साथ प्रयास करते रहते हैं, उन्हें देर से ही सही, लेकिन जिंदगी में सफलता जरूर मिलती है।

जरुरी नहीं होता है कि जिनके पास बहुत पैसा हो उनके बच्चे ही टॉप करें, अगर आपका पढ़ाई में खूब मन लगता है, तो आपको अपने मुकाम को हासिल करने के से कोई नहीं रोक सकता है।

हम ये सब बातें इसलिए कह रहे हैं क्योंकि बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड (BSEB) द्वारा आयोजित 12वीं बोर्ड परीक्षा 2024 के कॉमर्स स्ट्रीम में शेखपुरा जिले की रहने वाली प्रिया कुमारी ने पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। जी हां, 96.04 प्रतिशत अंकों के साथ प्रिया ने पूरे बिहार में टॉप किया है। अपनी इस सफलता का श्रेय प्रिया ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और कड़ी मेहनत को दिया है।

अपने गरीब माता – पिता का सहारा बनीं प्रिया!

प्रिया के पिता गांव के ही एक किसान हैं, वहीं उनकी माता गृहणी हैं। बेटी की पढ़ाई के लिए पिता दिनभर खेतों में मेहनत करते थे, तो वहीं घर संभालने वाली मां ने प्रिया को घर के कामों से दूर रखकर पढ़ाई पर ध्यान लगाने में मदद की।

प्रिया की मां उन्हें घर का कोई काम नहीं करने देती थी। घर का खर्च चलाने के लिए प्रिया के पिता दिन – रात खूब मेहनत किया करते थे, ताकि वो अच्छे से अपने परिवार का पालन – पोषण कर सकें।

ऑनलाइन पढ़ाई और रोजाना 10-12 घंटे का अभ्यास

प्रिया कुमारी ने अपनी इस सफलता के लिए सबसे पहले ईश्वर को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही तेज छात्रा रही हैं और हमेशा टॉप करना चाहती थीं। प्रिया ने बताया कि उन्होंने इंटर कॉमर्स की पूरी पढ़ाई ऑनलाइन की, इस दौरान उन्हें ऑफलाइन क्लासेस करने का मौका नहीं मिला।

सफलता के लिए उन्होंने रोजाना 10-12 घंटे पढ़ाई की और अपना सिलेबस नियमित रूप से पूरा किया। प्रिया ने बताया कि परीक्षा के दौरान उन्होंने पिछले साल के प्रश्नपत्रों को भी खूब हल किया, जिससे उन्हें काफी मदद मिली।

CA बनने का सपना

प्रिया अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं, जिन्होंने हमेशा उनका साथ दिया और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने शिक्षकों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें कड़ी मेहनत करने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

प्रिया आगे चलकर CA बनना चाहती हैं और देश के लिए कुछ अच्छा करना चाहती हैं। इसके साथ ही अन्य छात्रों को भी यही सलाह देती हैं कि कड़ी मेहनत करें और सफलता पाने के लिए कभी हार ना मानें।

Priyanka Singh के बारे में
Avatar photo
Priyanka Singh 8 साल से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी प्रियंका सिंह इस समय Timesbull.com को अपने कार्यों से योगदान दे रही हैं। जिसमें इन्होंने (क्राइम, देश-विदेश,शिक्षा,लाइफस्टाइल,मनोरंजन,गैजेट्स इत्यादि) बीट पर काम किया। इनके लेखनी को Timesbull.com पाठकों ने काफी पसंद भी किया। एक छोटे संस्थान से शुरुआत करने वाली प्रियंका सिंह अपने करियर में साल 2016 में राजस्थान पत्रिका से जुड़ी। इन्होंने 2 साल तक राजस्थान पत्रिका को अपनी सेवा प्रदान की। तत्पश्चात इनका सफर 2018 में इंडिया डॉट कॉम की तरफ बढ़ चला। यहां प्रियंका सिंह ने लेखनी के साथ - साथ वीडियो कार्य क्षेत्र में भी कार्य किया। फिर इनका सफर आगे बढ़ा 2021 की तरफ, जहां इन्होंने न्यूज 24 डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ काम शुरू किया। फिर प्रियंका सिंह Timesbull.com के साथ जुड़ी। प्रियंका ने हर बीट से जुड़े कंटेट पर काम किया है। Read More
For Feedback - timesbull@gmail.com
Share.
Open App