नई दिल्लीः देश की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में आज सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल रखा है, जिससे तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। गिरते तापमान से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत भी मिलती दिख रही है। दूसरी ओर राहत की बात यह है कि अंबर में मानसूनी बादल रॉकेट की तरह भाग रहे हैं, जो जल्द ही यूपी सहित कई राज्यों में दस्तक देने वाले हैं।
इसके साथ ही दक्षिण भारत के कई राज्यों में देर रात भारी बारिश होने से जलजमाव हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत जरूरी मिली। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में भी बादलों की आवाजाही का दौर जारी है, जिससे तापमान काफी नीचे गिर गया है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में बिजली की चमक और आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
जानिए यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी के मुताबिक, यूपी के कई हिस्सों में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किए जाने की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही लखनऊ में भी 29 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसी के साथ तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही यहां गरज के साथ बारिश की भी चेतावनी जारी कर दी है।
जानिए कहां दस्तक देगा मानसून
आईएमडी के अनुसार, मानसून अब तेजी से चल रहा है जो कई राज्यों में जल्द प्रवेश करेगा। आगामी दो दिनों के दौरान दक्षिण पश्चिम मॉनसून छत्तीसगढ़ के तमाम इलाकों में तेज बारिश कर सकता है। इसके अलावा झारखंड के बाकी हिस्सों, बिहार के कुछ और हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में दस्तक दे सकता है। साथ ही तीन से चार दिनों के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक में आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के तमाम इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत, उत्तर प्रदेश और बिहार के तलहटी हिस्सों में तेज बारिश की उम्मीद है।