नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज बारिश होने के बाद अब उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जीना बेहाल हो गया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से हर गर्मी का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा उत्तर भारत के तमाम हिस्सों में सुबह बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मानसूनी बारिश होने से अब कई नदियां, तालाब और नाले उफान पर चल रहे हैं, जिससे राहगीरों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आज जमकर बारिश हुई, जिससे जगह-जगह पानी भरने से यातायात बाधित हुआ।
गुजरात में तो बारिश जीवन के लिए काल बनी हुई है, जिसके चलते सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। वाहनों की जगह लोग बोट का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश कई राज्यों में बिजली की चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
इन हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार राजधानी दिल्ली और लखनऊ में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश की रजाधानी लखनऊ में भी बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही 3 जुलाई यानी आज तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा तटीय महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल में 6 जुलाई तक तेज बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। इसके अलावा मछुआरों को समंदर किनारे नहीं जाने की चेतावनी जारी कर दी गई है। वहीं, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, ओडिशा, उत्तराखंड में बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
इन हिस्सों में होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार, सिक्किम, असम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही तटीय कर्नाटक और केरल में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु तट पर मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। उत्तर पूर्व भारत, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है।