नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज यानी 23 अक्टूबर को सुबह से धूप खिली हुई देखने को मिल रही है। वहीं, मध्यप्रदेश में हल्की गुलाबी ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। कई जिलों का न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
देश के कई राज्यों में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। ज्यादातर राज्यों में सुबह और शाम के समय में हल्की ठंड लगनी शुरू हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु के लिए तूफान और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।
इसके अलावा केरल में भी 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक तूफान, बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में आज आसमान कहेगा साफ
आईएमडी के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज साफ आसमान रहने की भविष्यवाणी की है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में रविवार को हवा की गुणवत्ता “बहुत खराब” रही, अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य मौसमी तापमान से तीन डिग्री कम था।
चक्रवात ‘तेज’ अपडेट
चक्रवाती तूफान “तेज” के संबंध में मछुआरों के लिए एक सलाह जारी की है। 25 अक्टूबर तक दक्षिण पश्चिम अरब सागर में और 25 अक्टूबर की रात तक पश्चिम मध्य अरब सागर में न जाएं।
“नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 और 25 अक्टूबर को ज्यादातर इलाके में हल्की और कुछ जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम एजेंसी ने कहा, “ओडिशा के तटीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 24 और 25 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में, इस सप्ताह में कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है। 23 अक्टूबर को केरल में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत में 23 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ का मौसम
छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम शुष्क बना हुआ रह सकता है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में लोगों को ठंड का अहसास हो सकता है।
ऐसा कहा जा रहा है कि दो दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिसके बाद ठंड में भी बढ़ोत्तरी होगी। ऐसा कहा जा रहा है कि इस साल काफी ठंड पड़ सकती है।