
Rajya Sabha Elections 2026 Date: अभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न हुए, लेकिन अब आपको राज्यसभा में खाली सीटों पर राजनीतिक की तिकड़मबाजी देखने को मिलेगी. राज्यसभा में खाली होने वाली 24 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा कर दी गई है. इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलानडु में राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. चुनाव आयोग की तरफ से यह ऐलान किया गया है. दरअसल, 10 राज्यों में राज्यसभा के 24 सदस्यों का कार्यकाल जून-जुलाई में समाप्त होने जा रहा है. इन सभी सीटों के लिए चुनाव आयोग की ओर से तारीखों का ऐलान कर दिया गया है.
जानिए खाली सीटों पर चुनाव कब
चुनाव आयोग ने राज्यसभी की खाली होने वाली 24 सीटों पर 18 जून को द्विवार्षिक चुनावों के लिए मतदान का ऐलान कर दिया है. इसी दिन नतीजे भी जारी कर दिए जाएंगे. मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 19 से 21 जुलाई के बीच खत्म हो रहा है. चुनाव आयोग इस संबंध में 1 जून को नोटिफिकेशन जारी करेगा. 8 जून नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख निर्धारित की गई है.
किस राज्य में कितनी सीटों पर चुनाव
राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों पर संपन्न कराया जाएगा. मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश एवं मिजोरम की एक-एक सीट पर मतदान होगा. नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून 2026 निर्धारित की गई है.
इन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा
चुनाव आयोग ने राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा कर दी है. दोनों सीटें नेताओं के पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई हैं. महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव संपन्न कराया जाएगा.
उनका कार्यकाल 4 जुलाई 2028 तक था, लेकिन विधायक बनने के बाद उन्होंने 6 मई को पद से इस्तीफा सौंप दिया था. AIADMK नेता सीवी शनमुगम ने 7 मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मैलाम क्षेत्र से विधायक बनने के बाद राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया.
