नई दिल्ली: Central Employee DA Hike 2023: नए साल के आने के पहले ही सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा फायदा मिल रहा है। अभी हाल ही में त्रिपुरा सरकार ने अपने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 12 फीसदी की बढ़ोतरी की। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनरों के चेहरे पर ख़ुशी की लहर है।
वहीं दूसरी तरफ केन्द्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के 2023 में डीए बढ़ोत्तरी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। उम्मीद लगाई जा रही है कि AICPI इंडेक्स के आंकड़ों में लगातार बढ़ने के बाद केंद्र सरकार एक बार फिर 2023 में कर्मचारियों का 3 से 5 फीसदी तक डीए बढ़ा सकती है। वहीं सरकार फरवरी के अंत या मार्च में होली के करीब इसका ऐलान कर सकती है। हालांकि अभी तक इसके बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं आई है।
आपको बता दें कि केन्द्र सरकार AICPI इंडेक्स के आधार पर साल में दो बार केन्द्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (Dearness Allowance) और महंगाई राहत (Dearness Relief) में जनवरी और जुलाई में डीए में संशोधन करती है। इसी आधार पर फिर से डीए के बढ़ने की उम्मीद लगाई जा रही हैं। फिलहाल जुलाई से लेकर सितंबर तक के आंकड़े आ चुके है और वहीं अक्टूबर नवंबर और दिसंबर के आंकड़ें आना बाकी हैं। बता दें कि AICPI इंडेक्स में कुल 2.1 फीसदी की तेजी आई है। वहीं सितंबर में यह आंकड़ा 131.2 पर रहा है। वैसे अब AICPI इंडेक्स के आंकड़ों से तय होगा कि जनवरी 2023 में कितना महंगाई भत्ता बढ़ेगा।
42 या 43 फीसदी होगा DA
मौजूदा समय में केन्द्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 38 फीसदी है। वहीं उम्मीद लगाई जा रही है कि आने वाले साल में केन्द्रीय कर्मचारियों-पेंशनरों का डीए 3 से 5 फीसदी तक बढ़ाया जा सकता है, जिसके बाद डीए बढ़कर 42 या 43 फीसदी हो सकता है। वहीं अगर 4 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ता है तो 18000 रुपये सैलरी पाने वाले कर्मचारियों को प्रति महीने 720 रुपये और सालाना सैलरी में 8640 रुपये का इजाफा होगा।
वहीं 56900 रुपये सैलरी पाने वाले कर्मचारियों को प्रति महीना 2276 रुपये और सालाना सैलरी में 27312 रुपये का इजाफा होगा। इसी के साथ सरकार पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (DR) भी बढ़ा सकती है। इसके बाद 48 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों को सीधा फायदा होगा।