Child Population Growth Scheme: जनसंख्या नियंत्रण की सुगबुगाहट भी कानों-कान खूब चलती है. कुछ लोगों का तर्क होता है कि भारत में जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाया जाए. ऐसे तर्क-वितर्कों के बीच आंध्र प्रदेश सरकार ने तो कई कदम आगे बढ़कर एक चौंकाने वाला ऐलान कर दिया है.
आंध्र प्रदेश सरकार अब तीसरा बच्चा पैदा करने पर 30000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी. इतना ही नहीं, चौथा पैदा करने पर 40000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी. यह ऐलान खुद आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने किया है, जिसकी चर्चा देशभर में हो रही है. उन्होंने श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह ऐलान किया.
इससे पहले मार्च 2025 में नायडू ने विधानसभा में जानकारी दी थी कि सरकार दूसरा बच्चा पैदा करने वाले जोड़ों को 25000 रुपये की सहायता देने पर विचार कर रही है. मतलब पहले यह राशि दूसरे बच्चे पर दी जानी थी. लेकिन बाद में राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर तीन और चार बच्चों तक कर दिया.
मुख्यमंत्री ने कही बड़ी बात
नरसपन्नापेटा में स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र कार्यक्रम के दौरान सीएम नायडू ने खुद यह ऐलान कर सबको चौंका दिया. मंच पर उन्होंने कहा कि मैंने एक नया फैसला लिया है. तीसरे बच्चे के जन्म पर 30,000 रुपये और चौथे बच्चे पर 40,000 रुपये तुरंत देने का काम किया जाएगा. क्या यह सही फैसला नहीं है?’ उन्होंने यह भी बताया कि इस फैसले की पूरी जानकारी एक महीने के अंदर आपको दो दी जाएगी.
सरकार क्यों ले रही यह फैसला
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश में बच्चे पैदा करने की दर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. दुनियाभर में मानते हैं कि किसी भी राज्य या देश की आबादी तब स्थिर होती है जब प्रत्येक महिला औसत 2.1 बच्चों को जन्न दे. नायडू ने बताया कि अगर यह दर और भी नीचे गिरी तो राज्य की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित करेगी. आज कई जोड़े सिर्फ एक बच्चा रखना चाहते हैं क्योंकि उनकी कमाई बढ़ गई है और वे सोचते हैं कि एक बच्चा ही काफी है. कुछ लोग दूसरा बच्चा तभी पैदा करते हैं जब पहला बेटा न हो. इसी सोच की वजह से आबादी निरंतर घट रही है.
बच्चों बोझ नहीं होते
सीएम नायडू ने कहा कि बहुत से लोग सोचते हैं कि बच्चे बोझ होते हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. बच्चे दरअसल एक ‘संपत्ति’ होते हैं. यानी देश और परिवार दोनों के लिए फायदेमंद हैं. नायडू ने कहा कि वे यह साबित करके दिखाएंगे.