27 फरवरी से चेक होंगी बिहार बोर्ड 12वीं की कॉपी, BSEB ने दी जरूरी जानकारी

बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (Bihar School Examination Board) ने इंटरमीडिएट यानी कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया 27 फरवरी से शुरू करने का फैसला लिया है। बोर्ड के अनुसार कॉपियों की जांच का कार्य 10 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान अलग -अलग मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों की सब्जेक्ट-वाइज लिस्ट समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

ऑनलाइन जारी की गई सब्जेक्ट-वाइज लिस्ट

बोर्ड ने बताया कि मूल्यांकन कार्य और अन्य गोपनीय जिम्मेदारियों के लिए चुने गए शिक्षकों की सब्जेक्ट-वाइज सूची biharboardonline.com पर उपलब्ध करा दी गई है। जरूरत के अनुसार सब्जेक्ट-वाइज को-एग्जामिनर का चयन भी किया गया है। संबंधित शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं ताकि वे समय पर अपनी ड्यूटी जॉइन कर सकें।

जिला शिक्षा कार्यालयों को भेजे गए नियुक्ति पत्र

बोर्ड की तरफ से को-एग्जामिनरों के नियुक्ति पत्रों की हार्ड कॉपी स्कूल-वाइज पैक कर 22 और 23 फरवरी के बीच जिला शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यालयों में भेज दी गई है। शिक्षा अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ये नियुक्ति पत्र संबंधित स्कूल या कॉलेज के प्रधानाचार्य अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि को समय पर प्राप्त हो जाएं और आगे शिक्षकों को बांट दिए जाएं।

2 से 13 फरवरी तक आयोजित हुई थी परीक्षा

इंटरमीडिएट की परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित की गई थी। परीक्षा दो पालियों में कराई गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:45 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। अब उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी होने के बाद परिणाम घोषित करने की तैयारी शुरू की जाएगी।

अनुपस्थित रहने पर होगी सख्त कार्रवाई

बोर्ड ने साफ किया है कि अगर कोई नियुक्त परीक्षक निर्धारित मूल्यांकन केंद्र पर उपस्थित नहीं होता है, तो उससे जवाब मांगा जाएगा। सही जवाब नहीं मिलने पर बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड अधिनियम, 1981 की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने सभी संबंधित शिक्षकों और अधिकारियों से उत्तर पुस्तिकाओं के गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन में सहयोग की अपील की है।

मूल्यांकन के बाद होगी रिजल्ट की घोषणा

उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट 2026 जारी किया जाएगा। परिणाम के साथ टॉपर्स की लिस्ट भी घोषित की जाएगी। छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।

Related Stories

Latest
Follow on Google