Virat Kohli retirement: खत्म हुआ 14 साल का सुनहरा दौर, विराट कोहली अब नहीं खेलेंगे टेस्ट क्रिकेट

नई दिल्ली: क्रिकेट जगत से एक और बड़ी खबर आई है। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड दौरे से पहले, विराट ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए इस अहम फैसले का खुलासा किया। यह घोषणा उस वक्त आई जब केवल 5 दिन पहले ही रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट से अलविदा ले लिया था। अब विराट कोहली ने भी क्रिकेट के सबसे पुराने और सम्मानित फॉर्मेट को छोड़ने का फैसला किया है। इस तरह से एक महान बल्लेबाज के 14 साल के टेस्ट करियर का समापन हो गया है।

विराट ने इंस्टाग्राम पर क्या लिखा?

विराट कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि टेस्ट क्रिकेट में अपनी शुरुआत के 14 साल पूरे हो गए हैं। बैगी ब्लू पहनते हुए इस सफर की शुरुआत की थी, और सच कहूं तो उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट उन्हें कहां ले जाएगा। इसने उन्हें परीक्षा दी, आकार दिया और ऐसे मूल्यवान अनुभव दिए जो वह जीवन भर साथ रखेंगे।

वह आगे कहते हैं, “सफेद कपड़ों में खेलना एक बेहद व्यक्तिगत अनुभव है। ये शांत परिश्रम, लंबी-लंबी पारियां, और छोटे-छोटे पल होते हैं जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। इस फॉर्मेट को छोड़ना आसान नहीं है, लेकिन यह सही समय है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया और इसने मुझे बहुत कुछ दिया।”

विराट का आभार और भविष्य

कोहली ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि वह उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हैं जिनके साथ उन्होंने मैदान पर क्रिकेट खेला और जिन लोगों ने इस दौरान उन्हें समर्थन दिया। वह हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए याद करेंगे।

विराट कोहली का टेस्ट करियर:
विराट कोहली ने जून 2011 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था और 14 सालों तक टीम इंडिया के अहम बल्लेबाज बने रहे। इस दौरान उन्होंने 129 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में 46.85 के औसत से 9230 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी में 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उनके टेस्ट करियर का उच्चतम स्कोर 254 रन है, जो उन्होंने नाबाद रहते हुए हासिल किया था।

विराट का टी20 से रिटायरमेंट

विराट कोहली ने पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। 2024 में जब उन्होंने T20 वर्ल्ड कप जीतने के साथ ही इस फॉर्मेट को अलविदा कहा, तब से सभी को ये अंदाजा था कि विराट अब केवल वनडे क्रिकेट में ही खेलते नजर आएंगे। अब वह और रोहित शर्मा मिलकर वनडे क्रिकेट में भारत के लिए अपनी भूमिका निभाएंगे, और दोनों की नजरें 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर होंगी।

विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके संन्यास से भारतीय क्रिकेट को एक नई दिशा मिलेगी, लेकिन उनके द्वारा स्थापित किए गए बड़े रिकॉर्ड हमेशा क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेंगे।

Related Stories

Latest