आईपीएल का इकना स्टेडियम में हो रहा था खेल, तभी हुआ कुछ ऐसा… देखकर हर कोई रह गया हैरान

Zohaib Naseem 4 min read

लखनऊ: लखनऊ के इकाना स्टेडियम (Ekana stadium) में आईपीएल मैच के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। राजाजीपुरम निवासी मोहम्मद नबील नामक दर्शक उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया, जब वेस्टइंडीज के खिलाड़ी निकोलस पूरन का एक जोरदार शॉट बाउंड्री के बाहर जाकर सीधे उसके सिर पर लगा। गेंद की तेज रफ्तार के कारण नबील के सिर पर गहरी चोट आई, जिसके लिए अस्पताल में 8 टांके लगाने पड़े। बताया जा रहा है कि नबील खास तौर पर निकोलस पूरन का समर्थन करने स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन हादसे के बाद न तो खिलाड़ी ने उनका हालचाल पूछा और न ही स्टेडियम प्रशासन ने कोई मदद की।

इलाज चल रहा है

हादसे के बाद मोहम्मद नबील को उनके साथ मौजूद दोस्तों ने एंबुलेंस बुलाकर कैम्पबेल रोड स्थित चोर घाटी स्थित रौनक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल मोहम्मद नबील का कहना है कि उन्होंने मैच देखने के लिए टिकट खरीदा था और अपने पसंदीदा खिलाड़ी का समर्थन करने आए थे, लेकिन दुर्भाग्य से उसी खिलाड़ी के शॉट से वे घायल हो गए। उन्होंने कहा, “कम से कम चोट पहुंचाने वाले खिलाड़ी या आयोजकों को थोड़ी सहानुभूति दिखानी चाहिए थी। लेकिन न तो स्टेडियम प्रशासन ने ध्यान दिया और न ही किसी खिलाड़ी ने उसका हालचाल पूछा।” इस घटना के बाद इकाना स्टेडियम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

गंभीर चोटें भी आई हैं

आमतौर पर बाउंड्री के आसपास बैठे दर्शकों की सुरक्षा के लिए हेलमेट या सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए जाते हैं, जबकि गेंद से चोट लगने की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। क्रिकेट मैचों के दौरान दर्शकों के गेंद से चोटिल होने की घटनाएं नई नहीं हैं। दुनिया भर के कई स्टेडियमों में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें गंभीर चोटें भी आई हैं। कई देशों में ऐसी स्थिति में आयोजक घायल दर्शकों को तुरंत चिकित्सा सहायता और मुआवजा मुहैया कराते हैं। लेकिन लखनऊ के इस मामले ने आयोजकों की असंवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। अब देखना यह है कि इकाना स्टेडियम प्रशासन इस मामले में कोई जवाबदेही तय करता है या नहीं। साथ ही दर्शकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि भविष्य में कोई खास इंतजाम किए जाएंगे या नहीं।

ये भी पढ़ें: शोभा यात्रा पर हुआ हमला, मस्जिदों और घरों से कर दिया पथराव शुरू, आखिर किसने रची साजिश

Latest News

Zohaib Naseem

I am an experienced anchor, producer, and content writer with a strong background in the media industry. Having worked with national channels, I bring a deep understanding of creating engaging…