Ind vs Aus WTC Final 2023: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल मुकाबले में शार्दुल ठाकुर ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं शार्दुल ठाकुर के इस खास रिकॉर्ड के बारे में।
Shardul Thakur WTC Final 2023: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले में शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी के साथ ही साथ बल्लेबाजी से भी काफी प्रभावित किया है। इस मुकाबले में शार्दुल ने एक शानदार अर्ध शतक जड़कर भारत को फॉलोऑन से भी बचाया और भारत को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में काफी मदद की। तीसरे दिन का खेल शुरु होने के तुरंत बाद ही भारत ने केएस भरत का विकेट गंवा दिया था। जिसके बाद शार्दुल क्रीज पर उतरे और काफी मुश्किलों से टीम को आगे बढ़ाया। क्योंकि शुरुआत में कई गेंदें उनके शरीर पर लगी थी, जिसके चलते वह काफी दर्द में दिखाई दे रहे थे।
इस मुकाबले में शार्दुल ठाकुर ने 109 गेंद में 51 रन की पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक पूरा कर लिया। शार्दुल ने 3 अर्धशतक इंग्लैंड में और 1 ऑस्ट्रेलिया में लगाया है। इसी के साथ उन्होंने अपने नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है।
शार्दुल ठाकुर भारत की ओर से SENA (South Africa, England, New Zealand, Australia) देशों में नंबर 8 या उससे और नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भारतीय टीम को 1983 में वर्ल्ड कप जीताने वाले कप्तान कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है।
SENA देशों में नंबर 8 या उससे और नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज –
5 – किरण मोरे (21 पारी)
4 – शार्दुल ठाकुर (13 पारी)
4 – कपिल देव (22 पारी)
4 – हरभजन सिंह (31 पारी)