IPL 2025: गुजरात टाइटंस को मिली राहत भरी खबर, जोस बटलर समेत इन स्टार खिलाड़ियों की हुई टीम में वापसी

नई दिल्ली: IPL 2025 का नया शेड्यूल BCCI ने जारी कर दिया है और गुजरात टाइटंस की टीम को तीन अहम मुकाबले खेलने हैं। ये मुकाबले दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होंगे। अब टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर और साउथ अफ्रीका के गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी 14 मई से दोबारा गुजरात टाइटंस से जुड़ने जा रहे हैं।
IPL 2025 को भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण एक हफ्ते के लिए रोक दिया गया था। इस दौरान, जोस बटलर और गेराल्ड कोएत्जी अपने-अपने देश लौट गए थे। हालांकि, गुजरात टाइटंस के अन्य विदेशी खिलाड़ी जैसे राशिद खान, शेरफेन रदरफोर्ड, कगिसो रबाडा और करीम जन्नत भारत में ही बने रहे थे और अपने प्रेक्टिस जारी रखते हुए टीम के साथ जुड़े रहे थे।
जोस बटलर का शानदार प्रदर्शन
इस सीजन में जोस बटलर ने गुजरात टाइटंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अब तक 11 मैचों में 500 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से पांच अर्धशतक निकले। उनकी बल्लेबाजी ने टीम को कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में जीत दिलाई है। वहीं, गेराल्ड कोएत्जी ने अब तक सिर्फ दो मैच खेले हैं, लेकिन इन दो मैचों में उन्होंने दो विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है।
गुजरात टाइटंस प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर
गुजरात टाइटंस, जो शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही है, ने IPL 2025 के अब तक 11 मैचों में से 8 मैचों में जीत हासिल की है। 0.793 के नेट रन रेट के साथ टीम प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर बनी हुई है। गुजरात टाइटंस के प्लेऑफ में पहुंचने की पूरी संभावना है।
गुजरात टाइटंस के तीन अहम मुकाबले बचें
गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल 2025 के शेड्यूल में अभी तीन मैच बचे हुए हैं। 18 मई को उनका मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इसके बाद, 22 मई को गुजरात टाइटंस अहमदाबाद में अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करेगी। 25 मई को टीम का आखिरी लीग मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा। इस तरह से गुजरात टाइटंस का लीग स्टेज समाप्त हो जाएगा।