Weather Alert: भारत के अधिकतर हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से रंग बदलता दिख रहा है, जिसकी वजह से जगह-जगह बारिश की संभावना (Rain Alert) बनी हुई है. बंगाल की खाड़ी में बन रहा दबाव मौसम (Weather) खराब करने की सुगबुगाहट उत्पन्न कर रहा है. दूसरी ओर उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में सर्दी (cold) की विदाई भी शुरू हो चुकी है.
राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम (weather) साफ बना हुआ है. पश्चिमी यूपी में भी सुबह से ही धूप खिल गई है. हां सुबह-सुबह कई जगह कोहरा जरूरी छाया था. दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश (rain) का भी खतरा मंडरा रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी कर दी है. कहां कैसा मौसम रहने वाला है, डिटेल में जान सकते हैं.

इन 11 राज्यों में बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो देश के 11 राज्यों में बादलों की गरज और चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. इनमें मध्य प्रदेश का पूर्वी हिस्सा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी कर दी है.
इनके अलावा ओडिशा, तेलंगाना, असम और पश्चिम बंगाल में बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. यहां आगामी 24 घंटे में मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी की मानें तो उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है. गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, मेरठ औ अलीगढ़ में तापमान बढ़ सकता है. इनके साथ ही झांसी, बरेली, बांदा, चित्रकूट, बलिया, आजमगढ़ और अमेठी समेत कई जिलों में गर्मी का प्रभाव तेज हो सकता है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी से ठंड पूरी तरह विदा होने की संभावना जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग की मानें तो दो दिन यानी 48 घंटे आसान नहीं रहने वाले हैं. आईएमडी ने 23 और 24 फरवरी को राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है. चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और धर्मशाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 24 फरवरी को पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ने की संभावना है.
उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 23 फरवरी यानी आज मौसम खराब रहने की संभावना जताई है. आईएमडी के मुताबिक, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, देहरादून और उत्तरकाशी में बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. पहाड़ी हिस्सों में बारिश के कारण ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.








