दिल्ली और चेन्नई के स्टेडियम को बम से उड़ाने धमकी, अफवाह से मचा हड़कंप

Priyanshu Meena4 min read

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली और अन्य शहरों में क्रिकेट स्टेडियमों को बम की धमकियों का सामना करना पड़ा। अरुण जेटली स्टेडियम में आई बम की धमकी के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और पूरी तरह से जांच की, लेकिन यह धमकी सिर्फ अफवाह साबित हुई।

धमकी के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। DDCA के सचिव अशोक शर्मा को एक ई-मेल के जरिए स्टेडियम उड़ाने की धमकी मिली। जैसे ही यह सूचना मिली, उन्होंने दिल्ली पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अपनी बम निरोधी टीम और डॉग स्क्वाड के साथ स्टेडियम की जांच की। जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। हालांकि, सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी गई और स्टेडियम के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अरुण जेटली स्टेडियम की बढ़ी सुरक्षा

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि इस धमकी के बाद कई टीमें मौके पर पहुंची और स्टेडियम को अच्छी तरह से जांचा, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। बावजूद इसके, दिल्ली पुलिस ने स्टेडियम की सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी और इलाके में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया।

इस बीच, चेन्नई में भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। वहां पर यह चेतावनी दी गई कि यदि क्रिकेट मैच आयोजित हुए, तो बम फट जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने इस धमकी के बाद जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यह धमकी भी एक ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

आईपीएल को एक हफ्ते के लिए स्थगित किया गया

BCCI ने 9 मई को आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि IPL 2025 को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत की सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। इसके अलावा, 8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच को भी बीच में रोक दिया गया था। इस मैच के दौरान धर्मशाला में अचानक ब्लैकआउट हुआ, जिसके कारण मैच को रद्द करना पड़ा।

Latest News

Priyanshu Meena

Staff writer