“शुभमन गिल साबित होंगे बड़े कप्तान, एमएस धोनी की दिखती है झलक… पूर्व भारतीय क्रिकेटर का बड़ा बयान - Times Bull
G o o g l e Preferences

“शुभमन गिल साबित होंगे बड़े कप्तान, एमएस धोनी की दिखती है झलक… पूर्व भारतीय क्रिकेटर का बड़ा बयान

Priyanshu Meena
May 20, 2025 at 2:57 PM IST

नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस के सहायक कोच आशीष कपूर ने शुभमन गिल को एक समझदार और सोच-समझकर खेलने वाला क्रिकेटर बताया है। उन्होंने कहा कि गिल ने आईपीएल में अपनी कप्तानी से टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया है, लेकिन यह कहना थोड़ा मुश्किल है कि अगर उन्हें भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी जाए तो क्या वे टी20 की तरह टेस्ट क्रिकेट में भी उतनी सफलता हासिल कर पाएंगे।

रोहित शर्मा के संन्यास के बाद शुभमन गिल को टेस्ट टीम में संभावित कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। कपूर ने कहा, “मैंने शुभमन को उनके अंडर-16 के दिनों से देखा है। मैंने उनके साथ नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में भी काम किया है, जहां उन्होंने अपनी उम्र के कई खिलाड़ियों से बेहतर सोच-समझ और बुद्धिमानी दिखाई। ये गुण किसी कप्तान के लिए बहुत जरूरी होते हैं क्योंकि कप्तान को खुद के साथ-साथ टीम के बाकी 10 खिलाड़ियों के लिए भी सोचना होता है और मैच जीतने की रणनीति बनानी होती है।”

धोनी की याद दिलाते हैं शुभमन गिल

आगामी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम और कप्तान जल्द ही घोषित होने वाले हैं। इस बारे में पूछे जाने पर कि गिल टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी कैसे निभा सकते हैं, कपूर ने कहा कि अभी उनके पास टेस्ट लेवल पर कप्तानी करने का ज्यादा अनुभव नहीं है, इसलिए बड़ा फैसला लेना अभी जल्दबाजी होगी।

उन्होंने कहा, “मैं कोई भविष्यवक्ता नहीं हूं। गिल अभी टी20 में कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन जैसे धोनी ने 2007 में विश्व कप के लिए कप्तानी की शुरुआत की थी, तब भी उनके अनुभव कम थे। तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि वे विश्व के बेहतरीन कप्तानों में शामिल होंगे।”

आशीष कपूर ने बताया कि गिल की कप्तानी धीरे-धीरे विकसित हो रही है और वे धोनी के शुरुआती दिनों की तरह हैं बिलकुल शांत और समझदार। जैसे धोनी ने शुरुआत में टीम को धैर्य और सूझ-बूझ से लीड किया था, वैसे ही गिल भी अब मजबूत कप्तान बनने की राह पर हैं।

साई सुदर्शन की तारीफ भी की

आशीष कपूर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 108 रन बनाने वाले साई सुदर्शन की भी खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सुदर्शन एक स्मार्ट खिलाड़ी हैं जो खेल को गहराई से समझते हैं और आक्रमक शॉट खेलने में माहिर हैं।

आशीष कपूर ने कहा, “सुदर्शन के शॉट्स में संतुलन और समझदारी है। जब भी उन्हें कोई छोटी या कमजोर गेंद मिलती है, वे उसे छक्का जड़ने में पीछे नहीं हटते। पिछले साल के मुकाबले उनकी शॉट सलेक्शन में काफी सुधार आया है और ये उन्हें आईपीएल में टॉप रन स्कोरर बनाता है।”

Trending Now

10+ New Articles
📁 CATEGORIES