IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स को लगा तगड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी ने भारत लौटने से किया इनकार

Priyanshu Meena 3 min read

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बाकी बचे मुकाबले 17 मई से फिर से शुरू होने जा रहे हैं। इस बार का सीजन थोड़ी अनिश्चितता के साथ शुरू हुआ था, खासकर भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर तनाव बढ़ने के कारण IPL को एक हफ्ते के लिए रोकना पड़ा था। इस वजह से कई विदेशी खिलाड़ी अपने-अपने देशों वापस चले गए थे। अब जब लीग फिर से शुरू हो रही है, तो कुछ खिलाड़ी वापसी कर रहे हैं, जबकि कुछ ने लौटने से साफ मना कर दिया है। इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इस सीजन के बाकी मुकाबलों में खेलने से इंकार कर दिया है।

दिल्ली कैपिटल्स ने इस IPL सीजन की शुरुआत काफी दमदार तरीके से की थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में टीम का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा। फिलहाल टीम 13 अंक लेकर पॉइंट टेबल में पांचवें स्थान पर है। दिल्ली की गेंदबाजी का सबसे बड़ा सहारा रहे मिचेल स्टार्क ने कई अहम मौकों पर अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया। IPL 2025 में स्टार्क ने कुल 11 मैच खेले और 26.14 के औसत से 14 विकेट लिए। लेकिन अब उन्होंने टीम को सूचित कर दिया है कि वह बाकी बचे मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। इस फैसले से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है।

जहां मिचेल स्टार्क ने वापसी से इनकार किया है, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस और बल्लेबाज ट्रैविस हेड IPL के बाकी मैचों में खेलने के लिए भारत लौट रहे हैं। हालांकि हैदराबाद टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। वहीं जोश हेजलवुड, जो कंधे की चोट से उबर रहे हैं, अभी अपनी वापसी को लेकर कोई फैसला नहीं ले पाए हैं। इसके अलावा मिचेल मार्श भी टीम के साथ वापस लौट रहे हैं।

Latest News

Priyanshu Meena

Staff writer