रोहित शर्मा ने अचानक कैसे लिया रिटायरमेंट? वीरेन्द्र सहवाग बोले- सिलेक्टर्स के फैसले ने बदला करियर…

Priyanshu Meena4 min read

नई दिल्ली: वीरेंद्र सहवाग ने रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के फैसले के पीछे की वजहों को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि सिलेक्टर्स ने शायद रोहित को कुछ विकल्प दिए होंगे,जिनमें से एक यह हो सकता है कि वे इंग्लैंड के दौरे पर टीम की कप्तानी नहीं करेंगे।

हाल ही में,रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। यह ऐलान उन्होंने सिर्फ एक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए किया था। हालांकि,वे वनडे क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे,और टी20 क्रिकेट से वे पहले ही रिटायर हो चुके हैं। इस बीच,पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने रोहित के इस फैसले को सराहा,लेकिन साथ ही उनके रिटायरमेंट के पीछे की संभावित थ्योरी भी बताई।

सहवाग ने क्रिकबज पर बातचीत करते हुए कहा,“यह बड़ा दिलचस्प है,क्योंकि मैंने सुना था कि रोहित इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे थे,या फिर जब ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच नहीं खेला था,तो वे कहते थे,‘मैं कहीं नहीं जा रहा हूं,मेरा रिटायर होने का कोई इरादा नहीं है।’ लेकिन क्या हुआ होगा,यह अंदाजा लगाया जा सकता है। जब सिलेक्टर्स ने अपना फैसला लिया,तो शायद उन्होंने सोचा कि ‘हम रोहित को टेस्ट कप्तान के रूप में घोषित नहीं करेंगे’ या फिर ‘इंग्लैंड दौरे पर उन्हें टीम में शामिल नहीं करेंगे।’ मुझे यकीन है कि सलेक्टर्स ने उनसे बात की होगी और उन्हें कुछ विकल्प दिए होंगे,जिसके बाद उन्होंने अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया।”

सहवाग ने आगे कहा कि रोहित शर्मा के करियर को लेकर उन्हें कोई अफसोस नहीं होना चाहिए। उन्होंने रोहित को एक शानदार खिलाड़ी और एंटरटेनिंग बैट्समैन बताया,जिनकी बल्लेबाजी ने हमेशा दर्शकों को खुश किया। सहवाग ने कहा,“कौन होगा जो रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी को मिस नहीं करेगा? चाहे टेस्ट क्रिकेट हो,वनडे या टी20,उन्होंने हमेशा अपने खेल से हमें एंटरटेन किया है। उनके रिकॉर्ड लाजवाब हैं। हां,ऐसा लगता है कि वह और खेल सकते थे,जैसे कि 100 टेस्ट मैच तक पहुंच सकते थे,जो कुछ ही खिलाड़ी कर पाते हैं। लेकिन उन्होंने जो फैसला लिया है,वह सही है। उनका करियर शानदार रहा है,और उनके लिए कोई पछतावा नहीं होना चाहिए।”

Latest News

Priyanshu Meena

Staff writer