Categories
India

सरकारी कर्मचारियों की होने वाली है बल्ले-बल्ले! DA में बंपर बढ़ोतरी तय, जानिए कब और कितना बढ़ेगा पैसा

DA Hike: केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है. जुलाई महीने से मिलने वाले महंगाई भत्ते (Dearness Allowance – DA) पर सरकार जल्द ही मुहर लगा सकती है. खबरों की मानें तो इस बार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत (Dearness Relief – DR) में एक अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे सैलरी में बड़ा उछाल आएगा.

कितना बढ़ सकता है आपका महंगाई भत्ता?

महंगाई भत्ते की गणना के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) सबसे अहम होता है. मई 2025 के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर लेकर आए हैं. यह इंडेक्स 0.5 अंक बढ़कर 144 पर पहुंच गया है. पिछले तीन महीनों, यानी मार्च (143), अप्रैल (143.5) और अब मई (144) में इसमें लगातार बढ़ोतरी देखी गई है.

इस ट्रेंड को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि जुलाई 2025 से महंगाई भत्ते में 3 से 4 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है.

हालांकि, आखिरी फैसला जून 2025 के AICPI-IW आंकड़ों के बाद ही लिया जाएगा. ये फाइनल आंकड़े अगस्त की शुरुआत में जारी होंगे, जिनसे यह तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी कि आपकी सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होने वाली है.

कब होगा ऐलान और कब मिलेगा पैसा?

जून के निर्णायक आंकड़े आने के बाद केंद्रीय कैबिनेट इस पर अंतिम मुहर लगाएगी. उम्मीद की जा रही है कि सरकार सितंबर या अक्टूबर महीने में इस बढ़ोतरी का आधिकारिक ऐलान कर सकती है. सबसे खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से ही लागू होगी. इसका मतलब है कि जब भी इसका ऐलान होगा, कर्मचारियों को जुलाई से लेकर अब तक का सारा बकाया पैसा (Arrears) एक साथ मिल जाएगा.

क्या 8वें वेतन आयोग तक ऐसे ही बढ़ेगा DA?

जी हां, जब तक देश में 8वां वेतन आयोग (8th Pay Commission) लागू नहीं हो जाता, तब तक कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में इसी तरह छमाही आधार पर संशोधन होता रहेगा. अगर पिछले वेतन आयोगों के पैटर्न को देखें तो किसी भी नए आयोग की सिफारिशों को लागू होने में 18 से 24 महीने का वक्त लग जाता है. इस हिसाब से यह माना जा रहा है कि 8वां वेतन आयोग 2027 तक ही लागू हो पाएगा. तब तक केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में कई और बढ़ोतरी का तोहफा मिलता रहेगा.