ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री में भारी गिरावट, बाज़ार में पकड़ हुई कमजोर

नई दिल्ली: पिछले कुछ महीनों से ओला इलेक्ट्रिक के लिए भारतीय बाजार में चुनौतियाँ बढ़ती जा रही हैं। 2023 में, कंपनी को अपनी सेवाओं को लेकर कई शिकायतों का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी बाजार हिस्सेदारी में गिरावट शुरू हुई। हाल ही में, बिक्री में गिरावट के कारण कंपनी ने कर्मचारियों की छंटनी भी की है। इसके अलावा, ओला इलेक्ट्रिक PLI ACC योजना के तहत निर्धारित माइलस्टोन को पूरा नहीं करने के लिए IFCI की जांच के दायरे में भी है।

बिक्री के आंकड़ों पर नजर डालें तो, फरवरी 2025 में ओला ने कुल 8,647 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जबकि फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 33,906 यूनिट्स था, यानी सालाना आधार पर 74.5% की गिरावट। वहीं, इसी अवधि में टीवीएस ने 18,748 यूनिट्स के साथ 28.7% की वृद्धि, बजाज चेतक ने 21,335 यूनिट्स के साथ 81.8% की वृद्धि, एथर ने 11,789 यूनिट्स के साथ 30.3% की वृद्धि, और हीरो विडा ने 2,607 यूनिट्स के साथ 52.5% की वृद्धि दर्ज की। इस प्रकार, चेतक EV नंबर-1 और आईक्यूब नंबर-2 पर रहे।

ओला इलेक्ट्रिक ने बिक्री में इस भारी गिरावट का कारण बातचीत और रजिस्ट्रेशन प्रोसेस के अनुकूलन को बताया है, जिससे वाहन पोर्टल पर फरवरी 2025 के महीने के वास्तविक बिक्री डेटा पर असर पड़ा है। ओला इलेक्ट्रिक के अनुसार, फरवरी 2025 में बेची गई वास्तविक यूनिट्स 8,647 यूनिट्स से अधिक हो सकती हैं। कुल मिलाकर, ओला फरवरी में चौथी पोजीशन पर पहुंच गई।

इन चुनौतियों के बीच, ओला इलेक्ट्रिक ने जनवरी 2025 में अपनी जेन 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज लॉन्च की है। इस रेंज में S1 X, S1 X+, S1 प्रो और S1 प्रो प्लस मॉडल शामिल हैं। ये स्कूटर 2 kWh से लेकर 5.3 kWh तक के बैटरी पैक में उपलब्ध हैं। जेन 3 में नई ‘ब्रेक बाई वायर’ टेक्नोलॉजी के चलते स्कूटर से कई वायरिंग को खत्म किया गया है, जिससे रेंज बढ़कर 320 किमी तक हो गई है, और कीमतें भी कम हैं।