नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण IPL 2025 को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब ये महा-क्रिकेट टूर्नामेंट 17 मई से फिर से शुरू होने जा रहा है। जैसे ही IPL फिर से शुरू होगा, क्रिकेट प्रेमी रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल जैसे सितारों को मैदान पर देखने के लिए बेहद उत्साहित होंगे।

इसी बीच, मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के कुछ दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं, जो उनकी बल्लेबाजी में कप्तानी छोड़ने के बाद हुए सुधार को साफ दर्शाते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।

जब रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के कप्तान थे (2017 से 2023 तक), तब उन पर टीम को जीत दिलाने का भारी दबाव था। इस दबाव का असर उनकी बल्लेबाजी पर भी दिखा। उस दौरान रोहित ने कुल 100 IPL मैच खेले और 24.6 के औसत से 2337 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 127.4 था। इन मैचों में उन्होंने 13 बार अर्धशतक लगाया और कुल 94 छक्के जड़े। हालांकि, कप्तानी की जिम्मेदारी के चलते वह पूरी तरह खुलकर नहीं खेल पाते थे।

2024 से कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है। अब तक उन्होंने 25 मैचों में 717 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 31.7 और स्ट्राइक रेट करीब 151 तक पहुंच चुका है। इस दौरान उन्होंने 40 छक्के लगाए हैं, जो उनकी आक्रामकता और आत्मविश्वास का प्रमाण है। ये आंकड़े बताते हैं कि कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित ने अपने खेल को खुलकर दर्शाया है और बैटिंग में निखार आया है।

IPL 2025 के इस सत्र में शुरुआत में रोहित को कुछ संघर्षों का सामना करना पड़ा, लेकिन फिर उन्होंने जबरदस्त वापसी की। अब तक 11 मैचों में उन्होंने 30 के औसत और 152.28 के स्ट्राइक रेट से 300 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक भी निकले हैं। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि लीग के फिर से शुरू होने पर रोहित अपने अच्छे फॉर्म को कायम रखेंगे और मुंबई इंडियंस की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।