लखनऊ: रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (Raja Bhaiya) उत्तर प्रदेश की चर्चित सीट कुंडा से विधायक हैं। उनके परिवार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। उनकी पत्नी भानवी सिंह ने दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में राजा भैया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर के जरिए भानवी सिंह ने उन पर सालों से शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। एफआईआर में भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि इस हिंसा के कारण उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और अब उसे अपनी जान का खतरा है। उसने अपनी सास समेत ससुराल वालों पर भी उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दुर्व्यवहार का सामना करने के बावजूद उसने परिवार में शांति बनाए रखने और अपनी शादी को बचाने की कोशिश की।

कार्रवाई करने से परहेज किया

यही वजह थी कि उसने कानूनी कार्रवाई करने से परहेज किया। हालांकि, उसके साथ दुर्व्यवहार बंद नहीं हुआ। इससे पहले भानवी सिंह ने राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में भी इसी तरह की शिकायतें की थीं, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ा। अगस्त 2023 में भानवी सिंह ने एक पारिवारिक अदालत में हलफनामा दायर कर राजा भैया पर करीब तीन दशक से घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार और अवैध संबंधों का आरोप लगाया। राजा भैया और उनकी पत्नी पिछले कुछ सालों से अलग रह रहे हैं। राजा भैया ने मानसिक क्रूरता और परित्याग के आधार पर अपनी पत्नी भानवी कुमारी के खिलाफ पारिवारिक अदालत में तलाक की याचिका दायर की है। उन्होंने नवंबर 2022 में तलाक की याचिका दायर की थी।

ये भी पढ़ें: एएमयू के अंदर बन सकता है मंदिर, मुसलमान जगह पर लहरेगा भगवा, आस्था को लेकर छिड़ी बहस

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह बस्ती राजघराने की राजकुमारी हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को बस्ती में हुआ था। वह राजा कुंवर रवि प्रताप सिंह की चार बेटियों में से तीसरी बेटी हैं। भानवी सिंह ने वर्ष 1995 में राजा भैया से विवाह किया था। राजा भैया और भानवी सिंह के चार बच्चे हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी का नाम राघवी कुमारी और दूसरी बेटी का नाम बृजेश्वरी है। वहीं बेटों के नाम शिवराज प्रताप सिंह और बृजराज प्रताप सिंह हैं।

राजा भैया के दोनों बेटों ने ग्वालियर के मशहूर सिंधिया स्कूल से पढ़ाई की है। इस स्कूल की गिनती देश के मशहूर स्कूलों में होती है। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में राजा भैया के बेटे राजनीति करते नजर आ सकते हैं क्योंकि वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैंऔर वह जमीनी स्तर पर लोगों से मिलते रहते हैं। उनके दोनों बेटे राजनीति में रुचि रखते हैं, जिसका जिक्र राजा भैया पहले ही कर चुके हैं।