नई दिल्लीः देशभर में इन दिनों तापमान में गिरावट के साथ मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। इससे उत्तर भारत में सर्दी का सितम शुरू हो गया है, जिसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से तापमान काफी नीचे गिर गया। अब मैदानी हिस्सों में ठंड लोगों की इठलाती चाल में बाधा बनी हुई है।
अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के राहगीरों को वायु प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। दूसरी ओर दक्षिणी भारत में देर रात बारिश होने से तापमान काफी नीचे लुढ़क गया। इतना ही नहीं कई जगह तो सड़कों पर पानी भर जाने से जाम का सामना करना पड़ा। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के तमाम राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- इन इलाकों में होगी तेज बारिश
आईएमडी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में आज हिमपात के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल से लेकर कश्मीर तक, कुछ जगह ऐसे हैं, जहां पारा काफी नीचे आ चुका है। तापमान शून्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और रायलसीमा समेत दक्षिण भारत के कई इलाकों में मंगलवार को गरज के साथ तेज बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। पश्चिम भारत, उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट की संभावना बनी हुई है।
- इन हिस्सों में में भी हवा के साथ होगी भारी बारिश
आईएमडी के अनुसार, 22 से 23 नवंबर के बीच आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तट के समुद्र में ऊंची लहरें उठने की उम्मीद जताई गई है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। 23 नवंबर से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है। इतना ही नहीं कई जगह गरज के साथ भारी बारिश होने की उम्मीद भी है। रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के तमाम इलाकों में बारिश होने कके साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।