नई दिल्ली: देशभर में होली (Holi) के त्यौहार की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस दिन लोग एक दूसरे को रंग लगाते हैं और धूमधाम से त्यौहार मनाते हैं. इस बार होली 13 और 14 मार्च को मनाई जाएगी. 13 मार्च को होलिका दहन होगा और उसके अगले दिन रंगों का त्यौहार मनाया जाएगा. प्रेमानंद जी महाराज ने वृंदावन में भक्तों को होली मनाने का तरीका बताया है. उन्होंने होली पर नशीले पदार्थों का सेवन करने से बचने की सलाह दी है. प्रेमानंद जी महाराज ने कहा कि होली पर लोग शराब पीते हैं,गंदी हरकतें करते हैं,एक दूसरे पर कालिख पोतते हैं… ये लोग हिरण्यकश्यप की पार्टी हैं.
मूर्खता में कोई आनंद नहीं
अब इन्हें भी त्यौहार मनाना है तो कैसे मनाएं? तो ये कीचड़ से खेलते हैं,नालियों में गोबर करते हैं… ये हिरण्यकश्यप की पार्टी है. दूसरी साधुओं की पार्टी है,ये एक दूसरे पर गुलाल लगाते हैं,राम कृष्ण हरि कहते हैं और बैठकर पद गाते हैं और ठाकुरजी को गुजिया-मिठाई का भोग लगाकर आनंद लेते हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सभी देशवासियों से प्रार्थना है कि कोई भी नशा न करें। नशा त्यौहार को बिगाड़ देता है। होली पर भगवान का नाम लेकर,भजन गाकर होली का आनंद लेना चाहिए। नशे में होली का आनंद नहीं आता। नशे में मूर्खता हावी होती है और मूर्खता में कोई आनंद नहीं आता।
