IPL 2025: नए शेड्यूल में होगी RCB की अग्निपरीक्षा, इन तीन टीमों से जीतना मुश्किल

Priyanshu Meena4 min read

नई दिल्ली: IPL गवर्निंग काउंसिल ने 12 मई की रात को इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन के बचे हुए मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया है। दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए 9 मई को आईपीएल को एक हफ्ते के लिए सस्पेंड कर दिया गया था। लेकिन अब दोनों देशों के बीच सीजफायर के बाद आईपीएल का शेड्यूल फिर से बहाल हो गया है। इसी के साथ, आईपीएल के लीग स्टेज और नॉकआउट मुकाबलों की तारीखें भी सामने आ गई हैं, जिसमें सबसे बड़ा बदलाव यह है कि जो खिताबी मुकाबला पहले 25 मई को होना था, वह अब 3 जून को खेला जाएगा।

इस बीच, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और अब उसे अपनी लीग स्टेज की बाकी तीन मैचों में सफलता की जरूरत है, ताकि वह टॉप-2 में जगह बना सके।

RCB के बाकी मुकाबले

RCB की टीम ने अपना पिछला मैच 3 मई को खेला था और अब उसे तीन और मुकाबले खेलने हैं। नए शेड्यूल के मुताबिक, RCB अपना अगला मैच 17 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 23 मई को RCB का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। ये दोनों मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे। इसके बाद, RCB की टीम लखनऊ में इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी। यह मैच 27 मई को खेला जाएगा। RCB के लिए ये तीनों मुकाबले बेहद अहम हैं, क्योंकि इन्हीं मैचों के जरिए वह टॉप-2 में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे।

आईपीएल के दौरान कई विदेशी खिलाड़ी भारत से वापस लौट गए थे, और उनमें से कुछ के लौटने की उम्मीद बहुत कम है। RCB के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने पहले ही कह दिया था कि वह अपने कंधे की चोट के कारण इस सीजन के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे, जो RCB के लिए बड़ा झटका है। दूसरी ओर, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार जो CSK के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए थे, उनकी फिटनेस के बारे में अभी भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, और इस पर सस्पेंस बना हुआ है।

इस सीजन के बाकी मुकाबले RCB के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं। टीम को अपनी पूरी ताकत से खेलने की जरूरत है ताकि वह टॉप-2 में अपनी जगह सुनिश्चित कर सके और खिताबी मुकाबले में अपनी धमाकेदार एंट्री कर सके।

Latest News

Priyanshu Meena

Staff writer