India Vs Newzealand: आखिरकार लंबे इंतजार के बाद भारत के कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले से शानदार शतक निकला। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में आज रोहित शर्मा जमकर गरजे और मात्र 86 गेंदों में 101 रन बना डाले। भारतीय कप्तान ने अपनी इनिंग में 9 चौके और 6 छक्के लगाए उनका स्ट्राइक रेट 118.82 का रहा। आज रोहित शर्मा ने ना सिर्फ एक शतक लगाया बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रोहित ने एक ऐसा कीर्तिमान रचा है जो ना विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर कर सके। रोहित शर्मा इस रिकॉर्ड को बनाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बने हैं और दुनिया के तीसरे। ऐसा कौन सा शानदार रिकॉर्ड है जिसकी हम बात कर रहे हैं आपको बताते हैं।
आज जैसे ही रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करने उतरे वह एकदम शानदार टच में नजर आ रहे थे। वैसे उनके पिछले मैचों में भी रन आ रहे थे पर परेशानी यह थी कि वह अपनी शुरूआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रहे थे पर आज रोहित शर्मा बल्ला लेकर पिच पर डट गए और उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की हवा निकाल दी। रोहित शर्मा ने अपना शतक पूरा किया और बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। अब सभी जगह रोहित शर्मा की तारीफ हो रही है, ठीक वनडे विश्व कप 2023 से पहले रोहित शर्मा का फॉर्म में आना टीम के लिए बेहद शानदार खबर है। रोहित शर्मा ने आज जो बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है वह है छक्कों का रिकॉर्ड। रोहित शर्मा ने आज के मैच में कुल 6 छक्के लगाए और उन्होंने जैसे ही चौथा छक्का जड़ा वह इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा के नाम कुल 273 छक्के हो गए हैं और वह भारत के सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी के साथ ही दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए है।
अगर बात क्रिकेट में छक्के लगाने की हो रही है तो हम आपको बता दें वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी उर्फ लाला के नाम है। शाहिद अफरीदी ने अपने वनडे करियर में 351 छक्के जड़े हैं वही 331 छक्के जड़कर क्रिस गेल इस सूची में दूसरे नंबर पर है, क्रिस गेल वेस्टइंडीज के ओपनर बल्लेबाज रह चुके हैं, वहीं आईपीएल में भी उन्होंने कई बार जलवा बिखेरा है। रोहित शर्मा का रिकॉर्ड उनके कद को और ऊंचा करता है, यह ऐसा रिकॉर्ड है जैसे ना ही महेंद्र सिंह धोनी बना पाए और ना ही विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर इस के करीब आ पाए। अगर बात महेंद्र सिंह धोनी की करें तो वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पांचवें नंबर पर हैं। उनके नाम 229 छक्के दर्ज हैं, वहीं चौथे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी सनथ जयसूर्या हैं जिन्होंने वनडे में 270 छक्के लगाए हैं। सचिन तेंदुलकर के नाम वनडे में 195 छक्के हैं, सौरव गांगुली के नाम 190 तो वही हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह के नाम 155 छक्के है। रोहित शर्मा और गिल के शानदार शतक की बदौलत टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 386 रनों का भारी-भरकम लक्ष्य दिया है।